
नागौर कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में करने, समय पर कार्यालय में उपस्थित होने व 100 दिवसीय कार्य योजना के निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलक्टर यादव ने शहर के मानासर आरओबी पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए पीडब्ल्यूडी एनएच के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट की पहचान कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि एक फरवरी व 19 जनवरी को आरओबी पर हुए हादसों को लेकर राजस्थान पत्रिका ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर बताया कि यह आरओबी ब्लैक स्पॉट बन चुका है। इस ओर जल्द ही ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसको गंभीरता से लेते हुए कलक्टर ने आरओबी की रिपोर्ट मांगी है।
गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण पर हो कार्रवाई
बैठक में कलक्टर डॉ. यादव ने सभी योजनाओं की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने, अवैध खनन की गतिविधियों की रोकथाम के लिए नियमित कार्रवाई करने, गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण व रीफीलिंग पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। कलक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही भेड़ों की मृत्यु के प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने, नंदी शालाओं की स्थिति से अवगत कराने, अन्नपूर्णा रसोइयों के संचालन की स्थिति तथा टीबी रोग की जांच की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही गांवों को जोडऩे वाली ग्रेवल सडक़ों, खेल मैदान तथा पौधरोपण के संबंध में नरेगा के तहत प्रस्ताव भिजवाने, भूमि आवंटन के लंबित प्रस्ताव भिजवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा एक्ट) के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
संपर्क पोर्टल के प्रकरणों का निस्तारण करें
इससे पूर्व बैठक में एडीएम अशोक कुमार योगी ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का निश्चित समय सीमा में निस्तारण करने, कार्मिकों के विरुद्ध शिकायतों के संबंध में लंबित जांचों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा राजस्थान सिलिकोसिस पोर्टल पर दर्ज प्रकरण, आयुष्मान भारत की ई- केवाईसी, सामाजिक सुरक्षा योजना का पेंशन सत्यापन, छात्रवृत्ति प्रकरण, पालनहार योजना, पीएमश्री योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना तथा उज्ज्वला योजना की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
फसल खराबे की रिपोर्ट मांगी
एडीएम योगी ने फसल खराबे के प्रकरणों की पालना रिपोर्ट भेजने, विद्युत ट्रांसफार्मर समय सीमा में बदलने व अवैध विद्युत कनेक्शन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार, जिला रसद अधिकारी अंकित पचार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ महेश वर्मा, पीएमओ डॉ महेश पंवार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मथुरालाल मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी रामनिवास जांगिड़, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफआर मीणा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।