नागौर

वीडियो : कोई ढोल बजाते हुए पहुंचा तो कोई कार्यकर्ताओं की फौज लेकर पहुंचा टिकट की दावेदारी करने

सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मिले कांग्रेस के राजस्थान प्रदेश सह प्रभारी काजी निजामुद्दीन
2 min read
• •
Jun 25, 2023
Contenders put up a show of strength for the Congress ticket
Contenders put up a show of strength for the Congress ticket

नागौर. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी काजी निजामुद्दीन शनिवार को नागौर दौरे पर रहे। हालांकि सचिव काजी ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि अभी चुनाव व टिकट की बात नहीं कर रहे हैं, लेकिन यहां उनके दौरे को लेकर टिकट के दावेदारों ने न केवल उन्हें अपने आवेदन दिए, बल्कि पूरा शक्ति प्रदर्शन किया। कोई ढोल बजाते हुए सर्किट हाउस पहुंचा तो कोई कार्यकर्ताओं की फौज के साथ अपना दमखम दिखाने पहुंचा। काजी के दौरे को लेकर सर्किट हाउस के प्रवेश द्वार के आसपास एवं शहर में दावेदारों ने काजी के साथ खुद की फोटो वाले खूब होर्डिंग्स लगाए, ताकि खुद को दावेदारी में मजबूत साबित कर सकें।

60 से अधिक आवेदन, नागौर में सबसे ज्यादा
सर्किट हाउस में प्रदेश सह प्रभारी काजी को आवेदन देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। पूर्व में दिए गए समय के अनुसार कार्यकर्ता सुबह 9 बजे ही पहुंचने लग गए। हालांकि काजी खुद साढ़े 11 बजे के बाद नागौर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने शाम करीब पांच बजे तक कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चर्चा की। दिनभर में जिले भर से आए 60 से अधिक टिकट दावेदारों ने अपने आवेदन दिए। इसमें सबसे अधिक नागौर विधानसभा क्षेत्र से थे। नागौर से हबीबुर्रहमान, डॉ. सहदेव चौधरी, ओमप्रकाश सेन, हनुमान बांगड़ा, दिनेश देवड़ा, हरिराम जाखड़, मोहम्मद इकबाल नागौरी, एचआर कुड़ी, शौकत अली, फरीद खां दायमा, आईदानराम भाटी, सदाकत हुसैन, कालू खां गौरी आदि ने आवेदन दिए। इसी प्रकार खींवसर से कुचेरा चेयरमैन तेजपाल मिर्धा, राघवेन्द्र मिर्धा, दुर्गसिंह चौहान आदि ने आवेदन दिए। मकराना से जाकिर हुसैन गैसावत के साथ इरफान चौधरी ने भी आवेदन दिया। इसी प्रकार जिले की हर विधानसभा से आए कार्यकर्ताओं ने टिकट की दावेदारी पेश की।

अंदर-बाहर हो गई परेड
प्रदेश सह प्रभारी काजी के कार्यकर्ताओं से मिलने को लेकर सर्किट हाउस में टेंट लगाया गया, लेकिन उन्हें कोई बाहर तो कोई अंदर ले जाकर अपनी बात कहता नजर आया। दो घंटे के कार्यकाल में उन्हें चार-पांच बार अंदर-बाहर की परेड करवाई गई। एक बार तो सर्किट हाउस के मुख्य गेट पर वरिष्ठ कार्यकर्ता हेमाराम बेड़ा खड़े हो गए और भीड़ को अंदर जाने से रोकने लगे। हालांकि काजी ने लगभग सभी से मुलाकात कर बात सुनी।

कांग्रेस कार्यालय में किया स्वागत
नागौर आने पर कांग्रेस जिला कार्यालय में काजी निजामुद्दीन का जोरदार स्वागत किया गया। बड़ी माला उन्हें पहनाई गई। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेसी नित्यानंद जोशी की याद में उनके पौत्र अविनाश जोशी व परिवार की ओर से तैयार करवाई गई प्याऊ का उद्घाटन किया।

ये रहे मौजूद
इस दौरान काजी के साथ राज्यमंत्री किशनलाल जेदिया, प्रदेश सचिव देसराज मीणा, कांग्रेस जिला प्रभारी गजेन्द्र सिह सांखला सहित स्थानीय पदाधिकारी राधेश्याम सांगवा, मोतीलाल चंदेल, दिलफराज खान, हीरालाल भाटी, अनोपचंद विश्नोई, राजेन्द्र फिड़ौदा, भंवराराम डूडी, भैराराम धुंधवाल, असलम चौधरी, अनवर गहलोत, विमल सोनी, शेर खान, रुस्तम प्रिंस सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Published on:
25 Jun 2023 11:52 am