29 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan News: कॉपी घर पर भूल गया तो आया गुस्सा, 5वीं कक्षा के छात्र को बेरहमी से पिटा; शिक्षक गिरफ्तार

नागौर शहर के निकटवर्ती गोगेलाव की एक निजी स्कूल के शिक्षक ने पांचवीं कक्षा के छात्र से बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। छात्र के पिता की रिपोर्ट पर सदर थाने में शिक्षक जगदीश प्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
2 min read
Google source verification
Student Beaten Case

शिक्षक के ​खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कलक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीण। फोटो: पत्रिका

नागौर। नागौर शहर के निकटवर्ती गोगेलाव की एक निजी स्कूल के शिक्षक ने पांचवीं कक्षा के छात्र से बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। छात्र के पिता की रिपोर्ट पर सदर थाने में शिक्षक जगदीश प्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि कॉपी घर पर भूलकर आने पर शिक्षक ने छात्र की लाठी से पिटाई की थी। इधर, परिजन बच्चे को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां पर उपचार के बाद बच्चे को घर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार घटना को लेकर छात्र हिमांशु के पिता गोरधनराम ने ग्रामीणों के साथ सोमवार को सबसे पहले गोगेलाव पीईईओ को इसकी शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद डीईओ कार्यालय पहुंचे तथा निजी स्कूल व शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहां संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बच्चे के पिता रवि बोथरा के नेतृत्व में ग्रामीण नागौर पहुंचे तथा जिला कलक्टर को शिकायत दी। कलक्टर ने उन्हें नागौर डीएसपी जतिन जैन के पास भेजा। डीएसपी ने सदर थानाधिकारी किताब देवी को मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्रामीण सदर थाने पहुंचे तथा रिपोर्ट दी, जिस पर रात को मामला दर्ज किया गया।

ये है पूरा मामला

यह मामला नागौर जिले के गोगेलाव गांव की एक निजी स्कूल का है। जहां 26 सितंबर को शिक्षक ने पांचवीं कक्षा के छात्र की लाठी से पिटाई की थी। इस घटना से बच्चा इतना डर गया कि उसने घरवालों तक भी नहीं बताया। लेकिन, अगले दिन दर्द ज्यादा होने पर उसने परिजनों को इस बारे में जानकारी दी। परिजनों ने बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखे तो वे हैरान रह गए। बच्चे के शरीर पर लाठी से पिटाई के 20 से ज्यादा निशान थे। बच्चे ने परिजनों को बताया कि वो कॉपी घर पर भूल गया था। इस बात पर शिक्षक को गुस्सा आ गया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस घटना से परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शिक्षक को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।