नागौर

सिरफिरे युवक ने धारदार छुरे से पांच राहगीरों पर किया वार, एक बुजुर्ग की मौत, दहशत का फैला माहौल

Makrana Crime News : मकराना शहर के मकराना पुलिया फाटक के पास शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे एक सिरफिरे युवक ने पांच राहगीरों पर धारदार छुरे से वार कर दिए। इसमें एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि चार व्यक्ति घायल हो गए।
2 min read
• •
Updated: 23 Sep 2023, 3:19 PM IST
makrana.jpg
Makrana Crime News

मकराना शहर के मकराना पुलिया फाटक के पास शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे एक सिरफिरे युवक ने पांच राहगीरों पर धारदार छुरे से वार कर दिए। इसमें एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि चार व्यक्ति घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को जयपुर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार काजी कुआं निवासी अब्दुल जब्बार (75 वर्ष) राशन सामग्री लेने उचित मूल्य की दुकान पर जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में आमिन खत्री (38 वर्ष) निवासी दो मस्जिद ने राह चलते बुजुर्ग की गर्दन पर धारदार छुरे से अचानक वार कर दिया। इसके बाद वहां से गुजर रहे बरवाली निवासी दिनेश कुमार (26 वर्ष), मच्छी मार्केट निवासी हाजी हयात गैसावत (75 वर्ष), चारभुजा मंदिर निवासी सुभाष सेन (54 वर्ष) और हजारीलाल (50 वर्ष) पर भी छुरे से वार किया। राहगीरों ने अचानक हुए हमले में बचने का भरसक प्रयास भी किया। वारदात के बाद आरोपी आमिन मौके से भाग गया। इस घटना से बाजार में दहशत का माहौल हो गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को चिकित्सालय लेकर गए। जहां बुजुर्ग अब्दुल जब्बार की मौत हो गई।



डाक्टरों ने जयपुर किया रेफर

घायल हजारी लाल के गर्दन पर पीछे की तरफ गहरा घाव होने से चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर कर दिया। उसकी हालत गंभीर बताई। सुभाष सेन और हाजी हयात गैसावत के हाथ पर, जबकि दिनेश कुमार के पीठ पर घाव हो गया। सूचना मिलने पर पहुंचे थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो ने आरोपी आमिन खत्री को त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया।

यह भी पढ़ें - भीलवाड़ा में ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार छात्रों को कुचला, 2 की मौके पर मौत, परिजन - ग्रामीण आक्रोशित

समझाइश के बाद माने परिजन

पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय गुप्ता दोपहर को मकराना पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन गैसावत, अंजुमन सदर हाजी नवाब अली रांदड़, नगर परिषद के उप सभापति अब्दुल सलाम भाटी, पार्षद शांति देवी भी हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी और लोगों से समझाइश की। मृतक के परिजन मुआवजे की मांग को लेकर दोपहर तक पोस्टमार्टम को राजी नहीं हुए। उपखंड अधिकारी जेपी बैरवा आदि ने समझाइश की और सरकार की ओर से मुआवजा दिलवाने व सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। तब वे पोस्टमार्टम को तैयार हुए।

राहगीरों पर जानलेवा हमला व हत्यारोपी गिरफ्तार - मकराना थानाधिकारी

मकराना थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह कमांडो ने कहा, राहगीरों पर जानलेवा व हत्या के आरोपी आमिन खत्री को पकड़ लिया। वो मंद बुद्धि बताया। आरोपी निर्वस्त्र अवस्था में मिला।

मानसिक स्थिति ठीक नहीं - पुलिस

लोगों ने पुलिस को बताया कि आमिन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह नशे का आदी है। आए दिन लोगों से झगड़ा करता रहता है। शुक्रवार को सुबह से वह बड़ा छुरा लेकर घूम रहा था। इसी बीच उसने वारदात को अंजाम दे दिया। जिन लोगों को उसने घायल किया वह सभी राहगीर थे।

जमा हुई लोगों की भीड़

बुजुर्ग की हत्या की खबर मिलने पर काफी संख्या में लोग चिकित्सालय के बाहर जमा हो गए। परिजनों ने चिकित्सालय में पहुंचकर घायलों को संभाला। मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक के बेटे नूरहसन ने बताया कि उसके पिता घर से राशन लाने को निकले थे।

यह भी पढ़ें - Big News : फर्जी मार्कशीट से सरकारी नौकरी पाने वाला आरोपी व अंकतालिका बनाने वाला एजेंट गिरफ्तार

Updated on:
23 Sep 2023, 3:19 PM IST
Published on: