दोपहर तक छाया रहा कोहरा, सर्दी बढ़ी, रबी फसलों पर चिंता, कोहरे–बादलों की चादर में लिपटा नागौर, जनजीवन प्रभावित
नागौर. जिले में नई साल की शुरुआत कोहरे से हुई। गुरुवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी। तड़के से ही सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा, जिसका असर सात बजे के बाद ज्यादा हुआ। दृश्यता बेहद कम होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं कई जगहों पर लोग लाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर हुए।
कोहरे के साथ ही आसमान में बादल छाए रहने से सूरज के दर्शन नहीं हो सके। दोपहर तक धूप नहीं निकलने के कारण ठंड का असर और बढ़ गया। सुबह से ही सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया। बाजारों में भी अपेक्षाकृत कम चहल-पहल देखने को मिली। खासकर बुजुर्गों और बच्चों ने ठंड से बचाव के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लिया।
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा। सुबह ऑफिस कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। कई जगहों पर बसें और अन्य सार्वजनिक वाहन देरी से पहुंचे। पुलिस और यातायात विभाग की ओर से वाहन चालकों को सावधानी बरतने की अपील की गई।
मौसम के इस मिजाज ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। किसान मावठ की बारिश का इंतजार कर रहे थे, लेकिन बुधवार को मावठ नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई। इस बार सितम्बर व अक्टूबर में हुई बारिश के चलते रबी की बुआई अधिक हुई है, लेकिन उसके बाद बारिश नहीं होने से रबी फसलों— गेहूं, सरसों, तारामीरा, चना को इस समय एक अच्छी बारिश की सख्त जरूरत है। हालांकि बादल छाए रहने से उम्मीद जगी थी कि मावठ हो सकती है, लेकिन बारिश नहीं होने से किसानों की मायूसी बढ़ गई। खेतों में खड़ी फसलों को नमी की आवश्यकता है और सिंचाई की लागत बढ़ने से किसानों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही मावठ की बारिश हो जाती है तो रबी फसलों की पैदावार बेहतर हो सकती है। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर असर के चलते फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव हो सकता है।
दिनभर ठंड और कोहरे के कारण लोग गर्म चाय, काढ़ा और अलाव का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में सुबह और रात के समय कोहरा बने रहने की संभावना जताई है तथा वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।