नागौर

नागौर उपसभापति सहित छह पार्षदों व दो पूर्व चेयरमैन के खिलाफ उपनिदेशक ने मांगी रिपोर्ट

स्थानीय निकाय विभाग अजमेर की क्षेत्रीय उपनिदेशक भावना गर्ग ने नागौर नगर परिषद के उप सभापति सहित छह पार्षदों, दो पूर्व चेयरमैन एवं एक पूर्व आयुक्त के खिलाफ की गई शिकायत को लेेकर आयुक्त से रिपोर्ट मांगी है।

2 min read
Aug 11, 2024

नागौर. स्थानीय निकाय विभाग अजमेर की क्षेत्रीय उपनिदेशक गर्ग ने उपसभापति सदाकत अली सुलेमानी, पार्षद मनीष कच्छावा, पार्षद धर्मेन्द्र पंवार, पार्षद पायल गहलोत व उनके पति प्रणय गहलोत, पार्षद ममता भाटी व मीनाक्षी के साथ पूर्व पालिकाध्यक्ष मनोहरसिंह राठौड़, पूर्व सभापति मांगीलाल भाटी एवं पूर्व आयुक्त देवीलाल बोचल्या के खिलाफ की गई शिकायत को लेकर तथ्यात्मक टिप्पणी सहित समस्त सुसंगत दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां तीन दिन में मांगी है।

जानिए, किसके खिलाफ क्या आरोप

क्षेत्रीय उपनिदेशक भावना गर्ग ने नागौर नगर परिषद के आयुक्त को 7 अगस्त को एक साथ 9 पत्र लिखे, जिसमें पार्षदों व पूर्व चेयरमैन सहित पूर्व आयुक्त के खिलाफ शिकायत को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी है।

- उपनिदेशक गर्ग के अनुसार उप सभापति सदाकत अली सुलेमानी पर अपने पद का दुरुपयोग करके फर्जी व जाली दस्तावेजों के आधार पर अपने नाम से जारी पट्टों की जांच कर सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई है। इसको लेकर 23 जून 2023 को भी नागौर आयुक्त से तथ्यात्मक टिप्पणी सहित सभी दस्तावेज मांगे गए थे, जो आज तक नहीं मिले। अब वापस रिपोर्ट मांगी है।

- पार्षद मनीष कच्छावा के खिलाफ पद का दुरुपयोग करने व सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर शिकायत की गई है, जिसको लेकर पूर्व में 16 नवम्बर 2022 को अजमेर कार्यालय से रिपोर्ट मांगी थी, जो नहीं मिलने पर अब वापस रिपोर्ट मांगी है।

- पूर्व पालिकाध्यक्ष मनोहरसिंह राठौड़ के खिलाफ पद का दुरुपयोग कर नगर पालिका की बेशकीमती भूमि को अवैध रूप से खसरा नम्बर 53 में अपने भाई रतनसिंह के पक्ष में नियमन करने की शिकायत है, जिसकी रिपोर्ट पूर्व में भी मांगी थी, जो अब तक नहीं मिलने पर अब वापस मांगी है। राठौड़ के खिलाफ दो अलग-अलग शिकायतें हैं।

- पार्षद धमेन्द्र पंवार के खिलाफ अपने पद का दुरुपयोग कर उच्च न्यायालय जोधपुर की ओर से पारित यथास्थिति आदेश की अवहेलना करने की शिकायत है, जिसको लेकर पूर्व में मांगी गई रिपोर्ट अब तक नहीं मिलने पर वापस मांगी है।

- पार्षद पायल गहलोत पर अपने पद का दुरुपयोग करने की शिकायत को लेकर पूर्व में तथ्यात्मक टिप्पणी के साथ दस्तावेज मांगे थे, जो अब तक नहीं मिलने पर तीन दिन में वापस रिपोर्ट मांगी है।

- पूर्व आयुक्त देवीलाल बोचल्या के खिलाफ भी पूर्व में मांगी गई जानकारी नहीं मिलने पर वापस मांगी है।

- पार्षद ममता भाटी, पूर्व सभापति मांगीलाल भाटी व पार्षद मीनाक्षी के खिलाफ खालसा भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण करने को लेकर शिकायत है, जिसकी रिपोर्ट मांगी है।

राजनीतिक द्वेषतावश शिकायत की है

मैं नगर परिषद में चल रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहा हूं। इसलिए राजनीतिक द्वेषतावश मेरे सहित अन्य पार्षदों के खिलाफ झूठी शिकायतें की जा रही हैं, जिसकी रिपोर्ट पहले ही भेजी जा चुकी है।

- सदाकत अली सुलेमानी, उप सभापति, नगर परिषद, नागौर

शीघ्र भिजवाएंगे रिपोर्ट

क्षेत्रीय उपनिदेशक की ओर से जिन-जिन पार्षदों व अधिकारियों की रिपोर्ट मांगी है, उनमें कुछ की पहले भिजवा दी थी, लेकिन अब विस्तृत मांगी गई है। शेष कुछ हैं, जिनकी पत्रावलियां देखकर यथाशीघ्र जांच रिपोर्ट भेजी जाएगी।

- रमेश रिणवा, आयुक्त, नगर परिषद, नागौर

Published on:
11 Aug 2024 11:32 am
Also Read
View All

अगली खबर