
डीडवाना-कुचामन. पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत डीडवाना-कुचामन जिला परिषद एवं जिले की नौ पंचायत समिति के वार्ड सदस्यों के चुनाव की मतगणना शुक्रवार को राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में हुई। सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होते ही कॉलेज परिसर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं। जैसे-जैसे वार्डों के परिणाम सामने आते गए, वैसे-वैसे जिले की ग्रामीण राजनीति की तस्वीर साफ होती गई। मतगणना के दौरान प्रत्याशियों, उनके समर्थकों और राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की निगाहें परिणामों पर टिकी रहीं।
जिले में जिला परिषद के 35 वार्डों तथा नौ पंचायत समितियों के 191 वार्डों के लिए मतगणना कराई गई। इनमें डीडवाना, मौलासर, लाडनूं, कुचामन सिटी, मकराना, नावां, परबतसर, पीलवा और ईटावा-बामणिया पंचायत समितियां शामिल हैं। पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। भाजपा, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच कई वार्डों में मुकाबला रहा। परिणाम घोषित होने के साथ ही समर्थकों में कहीं खुशी तो कहीं मायूसी छा गई।
जिला परिषद के 35 वार्डों में भाजपा-12- कांग्रेस-14 व रालोपा-9 वार्डों में जीती। इसी तरह डीडवाना-कुचामन की नौ पंचायत समितियों में कांग्रेस- 68, रालोपा-66, भाजपा-46, निर्दलीय- 11 ने जीत दर्ज की।
जिला परिषद के 35 वार्डों के परिणामों के बाद अब जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। जिला परिषद में बहुमत के लिए 18 सदस्यों का समर्थन जरूरी होगा। ऐसे में जिला प्रमुख का चुनाव राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। पंचायत समितियों में भी प्रधान और उपप्रधान के चुनाव को लेकर समीकरण बनने शुरू होंगे। चुनाव परिणामों के बाद अब राजनीतिक दलों और विजयी प्रत्याशियों की निगाहें आगामी चुनाव प्रक्रिया पर केंद्रित हो गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख तथा 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा। इसके बाद 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव कराया जाएगा। इन चुनावों के साथ ही जिले की जिला परिषद और पंचायत समितियों में नए जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।
राजनीतिक दल जीती सीटें