- लंदन में रह रहे राजस्थान मूल के मेड़ता प्रवासी बढ़ा रहे तिरंगे का मान -वहां बसने वाले भारतीयों की मदद को भी सदैव आगे
राधेश्याम शर्मा,
मेड़ता सिटी(नागौर). चाहे एक राज्य दूर चले जाएं या फिर सात समंदर... राजस्थानी जहां भी रहते हैं उनके दिल में हिंदुस्तान बसता है। ऐसे में अपनी संस्कृति को विदेशों में भी दिखलाने में वे पीछे नहीं रहते। यह हिंदुस्तानी दिल ना केवल मनोरंजन में बल्कि भारत से विदेश पहुंच रहे लोगों की मदद में भी सदैव आगे रहते हैं। चाहे वो बिजनेस स्टार्टअप हो या अन्य किसी तरह की फाइनेंशियल स्थिति। एक भारतीय कभी भी दूसरे भारतीय को अकेला नहीं पड़ने देता।
आज प्रवासी भारतीय दिवस है। इस दिन हम आपको राजस्थान मूल के मेड़ता शहर और आसपास के प्रवासियों के बारे में बताएंगे, जो यूनाइटेड किंगडम (लंदन) में रहते हुए भी भारतीय एवं राजस्थानी संस्कृति के प्रहरी बने हुए हैं। वहां वकायदा, राजस्थानी एसोसिएशन बना हुआ हैं, जो हर साल कई तरह के आयोजन करवाता है। वहीं ऐसे दर्जनों राजस्थानी, विशेष समाजों के संगठन है, जो लंदन में स्टेबल हो रहे हैं भारतीय की मदद को लेकर कार्य कर रहे हैं। ना केवल इतना ही भारत में भी जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम जैसी पहल भी इनकी ओर से की जा रही है।
उत्सवों पर लंदन की सड़कों पर दिखते हैं राजस्थानी वेशभूषा पहने लोग
लंदन में रह रहे हरेंद्र सिंह जोधा ने बताया कि हमने यहां राजस्थान एसोसिएशन नाम से एक संगठन बना रखा है, जो प्रवासी भारतीयों का अग्रणी संगठन है। इस संगठन की ओर से राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने, कार्यक्रम आयोजित करने के साथ ही हर साल संस्कृति की यादें ताजा करने को लेकर जीमन, मिर्चीबड़ा फेस्ट, गणगौर, बिजनेस कॉनक्लेव जैसी आयोजन होते हैं। गणगौर जैसे उत्सवों पर राजस्थानी मूल की महिलाएं और पुरुष परंपरागत वेशभूषा में लंदन की सड़कों पर ईशर-गणगौर की सवारी भी निकालते हैं। उल्लेखनीय है कि लंदन प्रवासी जोधा को विदेश मंत्री एस.जयशंकर की ओर से राजस्थान एसोसिएशन के कामों को लेकर सम्मानित भी किया जा चुका है।
यह भी होते हैं आयोजन
इसके अलावा राजस्थान चेरिटेबल ट्रस्ट, राजस्थानी फांउडेशन, महाराणा प्रताप फाउंडेशन, माहेश्वरी महासभा को यूनाइटेड किंगडम सहित कई तरह के संगठनों की ओर से लंदन में रहते हुए घुमर, दशहरा, दिवाली, अन्नकुट, होली स्नेह मिलन, सावन की गोठ, जन्माष्मटी पर्व भी बड़े धूमधाम से मनाएं जाते हैं।
ये संगठन कर रहे स्थापित हो रहे लोगों की मदद
लंदन में रहते हुए स्टार पेसिफिक कंपनी के नाम से फूड प्रोडक्ट्स का बिजनेस करने वाले किंग अवॉर्ड 2023 से सम्मानित श्याम बजाज ने बताया कि हमारा यहां पर प्रोफेशनल बिजनेस सपोर्ट ग्रुप संचालित है। ये ग्रुप ऐसे लोगों की मदद करता है जो लंदन में बिजनेस स्थापित करना चाहता है या किसी और तरह के चीज की जरूरत हो। वहीं राजस्थानी चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई के लिए 1 करोड़ से अधिक की मदद की जा चुकी हैं। लंदन में मारवाड़ी जॉब सपोर्ट ग्रुप भी चल रहा है, जो ऐसे भारतीय प्रवासियों की मदद करता है, जिन्हें वहां पढ़ाई के साथ जॉब चाहिए। ये ग्रुप ऐसे विद्यार्थी युवाओं की जॉब ढूंढने में हर तरह से मदद करता है।