नागौर

डेढ़ करोड़ का ड्रीम प्रोजेक्ट दलदल में अटका, प्रतापसागर तालाब की सूरत बदलने का सपना अधूरा

नागौर. शहर के प्रतापसागर तालाब की तस्वीर बदलने के लिए डेढ़ करोड़ रुपए का ड्रीम प्रोजेक्ट तैयार किया गया, लेकिन धरातल पर काम अधूरा पड़ा है। जिस तालाब की गहरी खुदाई, सफाई और सौंदर्यीकरण होना था, वहां आज भी गंदा पानी जमा है। पानी पूरी तरह खाली किए बिना ही काम छोड़ दिया गया। नतीजतन तालाब की जगह दलदली मैदान नजर आने लगा है। जिस प्रोजेक्ट से तालाब को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद थी, वह अब अधूरे काम और बदहाल स्थिति के कारण सवालों में है।
3 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 9:22 PM IST
Nagaur. Pratap Sagar Pond: A large part of the pond lies dry, awaiting beautification
Nagaur. Pratap Sagar Pond: A large portion of the pond lies dry, awaiting beautification, while stagnant, dirty water remains collected in the middle

पानी निकाले बिना ही बंद कर दिया काम, तालाब के बीच अब भी जमा है गंदा पानी; सौंदर्यीकरण की जगह दलदली मैदान में तब्दील हो रहा जलाशय

नागौर. शहर के प्रतापसागर तालाब की तस्वीर बदलने के लिए डेढ़ करोड़ रुपए का ड्रीम प्रोजेक्ट तैयार हुआ, लेकिन धरातल पर इसकी तस्वीर ही उलट नजर आ रही है। जिस तालाब को गहरी खुदाई, सफाई और सौंदर्यीकरण के जरिए नया स्वरूप देना था, वहां आज भी गंदा पानी जमा है। तालाब का पानी पूरी तरह निकाला नहीं गया और न ही प्रस्तावित कार्यों को तय क्रम में आगे बढ़ाया जा सका। नतीजा यह है कि सौंदर्यीकरण का सपना पूरा होने के बजाय तालाब दलदली मैदान में तब्दील होता जा रहा है। सरकारी बजट स्वीकृत होने के बावजूद काम की रफ्तार ऐसी है कि लोगों के मन में अब यही सवाल उठ रहा है कि आखिर यह प्रोजेक्ट पूरा कब होगा…? स्थिति यह है कि डेढ़ करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत होने के बावजूद तालाब में अब तक पानी निकासी और खुदाई का काम पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण कार्य भी अधूरे पड़े हैं।

पहले होनी थी गहरी खुदाई, पानी निकासी के बाद निर्माण
योजना के तहत सबसे पहले तालाब का पानी निकालकर उसकी गहरी खुदाई की जानी थी। इसके बाद तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े निर्माण कार्य प्रस्तावित थे। इसमें फव्वारा, वाकिंग प्लेस, तालाब के किनारे घास की हरित पट्टी के दोनो ओर आकर्षक पौधे लगाए जाने थे, लेकिन अभी वर्तमान में हालात यह है कि न तो पानी निकासी का काम ही पूरा नहीं हो पाया, और न ही इस तालाब की और गहरी खुदाई कराई जा सकी है। तालाब के बीच कई जगह गंदा पानी जमा है। आसपास की जमीन सूखी और कीचडय़ुक्त नजर आ रही है। ऐसे में आगे होने वाले निर्माण कार्यों की राह भी साफ नहीं है। जब शुरुआती चरण में काम ही अधूरा पड़ा हुआ है तो बाकी योजना कब पूरी होगी, इसका जवाब जिम्मेदार देेने से कतराने लगे हैं।

नहर बनाई, लेकिन पानी लाने और रोकने की व्यवस्था कैसे होगी
तालाब में पानी की निकासी और आवक के लिए नहर का निर्माण भी कराया गया है, लेकिन इसकी मौजूदा स्थिति काम की अधूरी तस्वीर बयां कर रही है। नहर बनाकर छोड़ दी गई है। इसके आसपास निर्माण सामग्री और पत्थर बिखरे पड़े हैं। नहर का काम किस तरह पूरा होगा, पानी कहां से और किस व्यवस्था के जरिए इसमें पहुंचेगा तथा पानी का सुरक्षित ठहराव कैसे सुनिश्चित होगा, इन सवालों के जवाब भी जरूरी हैं। केवल नहर का ढांचा तैयार कर देने से तालाब में पानी पहुंचाने और उसे सुरक्षित रखने का उद्देश्य पूरा नहीं होगा।

बदबू से परेशान लोग, शाम को पार्क आने वालों की बढ़ी मुश्किल
तालाब के पास स्थित प्रतापसागर पार्क में नियमित रूप से आने वाले लोगों को भी इसकी बदहाल स्थिति परेशान कर रही है। तालाब में जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है। आसपास बैठना तक मुश्किल हो रहा है। सौंदर्यीकरण के नाम पर शुरू हुआ काम लोगों को राहत देने के बजाय परेशानी का कारण बन रहा है। पहले भी इस मुद्दे पर खबर प्रकाशित हो चुकी है, लेकिन मौजूदा हालात में कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आ रहा। प्रतापसागर तालाब के पास में नियमित रूप से पक्षियों को दाना चुगाने के लिए आने वाले सुंदरलाल, प्रेम, चंदन, रामस्वरूप, धनराज, ओमप्रकाश, नरेंद्र, विजय, गौतम, किशन और श्रवण सहित अन्य लोगों से मुलाकात हुई तो उन्होंने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि तालाब के आसपास बेहद दुर्गंध आती है। जब प्रोजेक्ट के लिए बजट स्वीकृत है तो फिर काम इतनी धीमी गति से क्यों किया जा रहा है? पहले तालाब की सफाई और पानी निकासी होनी चाहिए, ताकि आगे के निर्माण कार्य पूरे हो सकें। लोगों ने कहा कि तालाब की हालत देखकर नहीं लगता कि इसका सौंदर्यीकरण जल्द पूरा हो पाएगा।

योजनानुसार होगा पूरा काम…

प्रतापसागर तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित योजना के अनुसार पूरा कराया जाएगा। तालाब में पानी की निकासी और अन्य शेष कार्यों को लेकर आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। संबंधित कार्यों को गति देकर प्रोजेक्ट को जल्द पूरा कराने का प्रयास रहेगा।
अनिता बिरदा, आयुक्त, नगरपरिषद नागौर
विकास करना ही प्राथमिकता है, देखेंगे इसको
प्रतापसागर तालाब का विकास नगर परिषद की प्राथमिकता में है। इसके सौंदर्यीकरण के लिए बजट स्वीकृत है। तालाब की सफाई, खुदाई और शेष निर्माण कार्यों को पूरा कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को विकसित तालाब और बेहतर पार्क की सुविधा मिल सके।

Updated on:
27 Nov 2026, 9:22 PM IST
Published on: