
गुरुवार को बड़ा बास चौक में दो सांडों की लड़ाई के बीच फंसी 65 वर्षीय महिला की मौत ने शहर में पशुओं की व्यवस्था और उनकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि शहर में लंबे समय से आवारा पशुओं के झुंड घूम रहे हैं, लेकिन प्रभावी समाधान नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
जानकारी के अनुसार बड़ा बास निवासी सायरा बानो (65) पत्नी नानू खां गुरुवार को अपने घर से दूसरे घर जा रही थीं। इसी दौरान चौक में दो सांड आपस में लड़ते हुए उनकी ओर आ गए। उनकी चपेट में आने से सायरा बानो गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और नगर पालिका से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई।
शहर में आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए दानदाता अजीत सिंह चोरड़िया ने करीब 400 गोवंश की क्षमता वाली नंदीशाला बनवाई है। यहां गोवंश के लिए चारा-पानी, रखरखाव और चिकित्सा सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। नंदीशाला तैयार हुए करीब एक वर्ष होने जा रहा है, लेकिन नगर पालिका अब तक केवल 70 पशुओं को ही वहां पहुंचा पाई है। दानदाता की ओर से आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष पिंजरा बनवाकर पालिका को सौंपा जा चुका है। इसके बावजूद शहर में पशुओं को पकड़कर नंदीशाला पहुंचाने का प्रभावी अभियान नहीं चल पाया।
शहर के बस स्टैंड, सब्जी मंडी, बड़ा बास, मगरा बास, जावा बास और पट्टियों सहित कई इलाकों में आवारा पशुओं के झुंड सड़कों पर घूमते रहते हैं। इनके अचानक लड़ने और सड़क पर दौड़ने से राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों को परेशानी होती है। कई बार वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। गुरुवार की घटना ने इस समस्या की गंभीरता को सामने ला दिया है।
मगरा बास स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के सामने भी दर्जनों आवारा पशु बैठे रहते हैं। विद्यालय में चारदीवारी नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिक्षक और अभिभावक चिंतित हैं। छुट्टी के समय शिक्षक विशेष निगरानी रखते हैं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे बच्चों के लिए पशुओं की मौजूदगी बड़ा खतरा बनी हुई है।
हादसे के बाद नगर पालिका अधिशासी अधिकारी हरेंद्र चौधरी ने सफाई निरीक्षक रामचंद्र पूनिया और जमादार महेंद्र को प्राथमिकता से आवारा पशु पकड़ने का अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पशुओं को पकड़कर नंदीशाला पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। अब शहरवासियों की मांग है कि अभियान केवल निर्देशों तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से कार्रवाई कर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को आवारा पशुओं से मुक्त कराया जाए।