नागौर

बढ़ते गए सरकारी जमीनों पर कब्जे, प्रशासन की कार्रवाई चिह्नित करने तक सिमटी

नागौर. शहर में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई सर्वे और चिह्नित करने तक सीमित होकर रह गया है। बड़ली के अंगोर क्षेत्र में इस साल दो बार अतिक्रमण हटाने…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:22 PM IST
बढ़ते गए सरकारी जमीनों पर कब्जे, प्रशासन की कार्रवाई चिह्नित करने तक सिमटी

नागौर. शहर में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई सर्वे और चिह्नित करने तक सीमित होकर रह गया है। बड़ली के अंगोर क्षेत्र में इस साल दो बार अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया, इसके बाद पूरे तहसील क्षेत्र में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई। दूसरी ओर बीकानेर रोड से लेकर मूंडवा रोड तक सरकारी जमीनों पर कच्चे-पक्के निर्माण होते रहे। तालाबों की पाल और अंगोर जैसी सार्वजनिक उपयोग की जमीनें भी कब्जों की जद में हैं। तहसील प्रशासन और नगर परिषद ने करीब दो महीने पहले सर्वे करवाकर अतिक्रमण हटाने की बात कही थी, लेकिन अब तक कोई बड़ा अभियान शुरू नहीं हुआ। अधिकारी अब भी कुछ स्थानों पर अतिक्रमण चिह्नित करने और शेष का सर्वे करवाने की बात कह रहे हैं।

बीकानेर रोड से मूंडवा रोड तक कब्जे

शहर के बीकानेर रोड, ऑफिसर्स कॉलोनी, पीएचईडी कॉलोनी के पास, बड़ली, डेह रोड, गुढ़ला चौराहा, जिला मुख्यालय स्टेडियम के सामने, ताऊसर रोड, मेला मैदान, एसीबी कार्यालय के बाहर और मूंडवा रोड जीएसएस के सामने सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण सामने आए हैं। कहीं बाड़ लगाकर तो कहीं पत्थर डालकर जमीन पर कब्जा किया गया है। कई स्थानों पर पक्के निर्माण भी हो चुके हैं। इसके बावजूद इन इलाकों में एक साथ अतिक्रमण हटाने का अभियान नहीं चलाया गया।

तालाबों की पाल और जमीन पर भी पक्के निर्माण

प्रतापसागर, गिनाणी, समस और बख्तासागर तालाबों की पाल और आसपास की जमीन पर भी अतिक्रमण की स्थिति सामने आई है। कई जगह पक्के निर्माण खड़े हो चुके हैं। लगातार हो रहे कब्जों से जलस्रोतों के मूल स्वरूप और क्षेत्रफल पर असर पड़ रहा है। सर्वोच्च न्यायालय भी तालाब, पोखर, गढ़ही, नदियों, जंगलों और पहाड़ियों जैसी प्राकृतिक संपदाओं को संरक्षित रखने के निर्देश दे चुका है। इसके बावजूद शहर में जलस्रोतों के आसपास की सरकारी जमीन पर कब्जों का सिलसिला थम नहीं रहा।

फसल बोना और बाड़ लगाना भी अतिक्रमण

सरकारी जमीन पर मकान या दुकान बनाना ही अतिक्रमण नहीं है। जमीन पर फसल बोना, बाड़ लगाना, पत्थर का पाटा लगाना अथवा कंटीली झाड़ियां लगाकर कब्जा करना भी अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 91 के तहत अतिक्रमण पाए जाने पर बेदखली की कार्रवाई का प्रावधान है। बार-बार अतिक्रमण करने पर तीन माह तक के साधारण कारावास का भी प्रावधान है।

अधिकारियों के दावे, कार्रवाई का इंतजार

विशेष दस्ता बनाकर करेंगे कार्रवाई

सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण चिह्नित किए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर चिह्नितकरण हो चुका है, जबकि शेष जगहों का सर्वे करवाया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष दस्ता बनाया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू होगी।

नृसिंह टाक , तहसीलदार, नागौर।

नगर परिषद भी जुटा रही जानकारी

नगर परिषद क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हुए अवैध निर्माणों की जानकारी जुटाई जा रही है। अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित कर तहसील प्रशासन के साथ समन्वय से विशेष अभियान चलाया जाएगा और सरकारी जमीन को कब्जों से मुक्त कराने की कार्रवाई होगी।

अनिता बिरदा, आयुक्त, नगर परिषद, नागौर।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:22 PM IST
Published on: