नागौर

मेला मैदान की आधा बीघा जमीन पर किए गए अतिक्रमण पर चला पीला पंजा

अतिक्रमण कर बना रखी थी होटल, जिला कलक्टर के निर्देश पर हटाया अतिक्रमण
2 min read
Feb 06, 2024
Encroachment removed from half bigha land of fair ground
Encroachment removed from half bigha land of fair ground

शहर के मानासर क्षेत्र में स्थित श्री रामदेव पशु मेला मैदान की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए होटल पर मंगलवार को प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। नागौर आरआई हरीराम सारण ने बताया ओमप्रकाश भाटी ने मेला मैदान की भूमि खसरा नम्बर 40 पर अतिक्रमण कर पक्की दुकानें, टीन शेड, कमरा, टांका, चारदीवारी, झोपड़ी आदि का निर्माण कर 890 वर्ग मीटर भूमि पर कब्जा कर लिया। इसको लेकर जिला कलक्टर की ओर से दिए गए निर्देशों की पालना में राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम 1956 की धारा 91 के तहत प्रकरण दर्ज कर अतिक्रमी को बेदखल करने के आदेश न्यायालय तहसीलदार नागौर ने दिए।

जिस पर मंगलवार को अतिक्रमी के विरुद्ध प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए नगर परिषद दस्ते की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया एवं अतिक्रमित भूमि का कब्जा राजहक में लिया गया। आरआर्ई सारण ने बताया कार्रवाई के दौरान नागौर तहसीलदार रामेश्वरलाल गढ़वाल, नागौर पटवारी बुधाराम जाजड़ा, ताऊसर पटवारी अर्जुनराम व राजस्व टीम मौजूद रही। वहीं कोतवाली थाने से हैड कांस्टेबल महावीर के साथ पुलिस जाब्ता एवं नगर परिषद से मुख्य स्वच्छता निरीक्षक अनिल कुमार के साथ अतिक्रमण हटाओ दस्ता मौजूद रहा।

कार्रवाई की शहर में तारीफ
मेला मैदान की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान अतिक्रमी ने अधिकारियों से उलझने का भी प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों ने उसकी एक नहीं सुनी और जमीन को अतिक्रमण मुक्त दिया। इसके बाद उसने कहा कि मेरा हटाया है तो बाकी का भी हटाओ। यहां और भी कई लोगों के अतिक्रमण हैं, आप नहीं हटाओगे तो मुझे हटवाना आता है। प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई शहर में काफी तारीफ हुई। शहरवासियों ने कहा कि प्रशासन ने यदि इसी प्रकार अतिक्रमियों की बिना सुने कार्रवाई की तो अतिक्रमण होना ही बंद हो जाएंगे। कुछ अधिकारी जानबूझकर अतिक्रमियों को समय देते हैं, ताकि वे स्टे लेकर आ जाए।

Published on:
06 Feb 2024 09:56 pm