18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Road Accident: ट्रेलर से भिड़ंत के बाद आग का गोला बना टैंकर, केबिन में फंसा ड्राइवर जिंदा जला

Nagaur Road Accident: नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और ओवरटेक की एक चूक ने कुछ ही सेकंड में सब कुछ खत्म कर दिया। ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश में एक टैंकर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
2 min read
Google source verification
Nagaur road accident

ट्रेलर से भिड़ंत के बाद टैंकर में लगी आग। फोटो: पत्रिका

नागौर। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और ओवरटेक की एक चूक ने कुछ ही सेकंड में सब कुछ खत्म कर दिया। ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश में एक टैंकर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर पलटते ही आग का गोला बन गया। केबिन में फंसा चालक बाहर निकलने के लिए संघर्ष करता रहा, लेकिन वह निकल नहीं पाया और जिंदा जल गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।

पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार को चिमरानी टावर के पास सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 162 पर हुआ। टैंकर नागौर के खींवसर की ओर से हरियाणा जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने के प्रयास में दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद टैंकर अनियंत्रित होकर खेत में उतरा और सड़क के पास ही पलट गया। टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ भरा होने से पलटते ही उसमें आग लग गई। कुछ ही क्षणों में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया। टैंकर चालक हरियाणा निवासी 42 वर्षीय सोनू जाट का पैर केबिन में फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- भीषण आग के चलते कोई पास नहीं जा सका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि कोई भी व्यक्ति उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

दकमल की मदद से आग पर पाया काबू

सूचना मिलने पर मूण्डवा एवं नागौर से दमकल टीमें मौके पर पहुंची। टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ होने से आग लगातार भड़कती रही। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग शांत होने के बाद चालक का शव बाहर निकाला गया, जो पूरी तरह झुलस चुका था।

ओवरटेक के चलते हुआ हादसा

पुलिस ने मृतक की पहचान हरियाणा निवासी सोनू जाट (42) के रूप में की है। शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी गई है। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरटेक को माना गया है। हादसे के दौरान एक कार भी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार चालक एवं इसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए।

नागौर और मूंडवा से बुलाई दमकलें

दोपहर करीब तीन बजे टैंकर में लगी भीषण आग बुझाने के लिए नागौर से 2 हजार लीटर और मूंडवा से 3 हजार लीटर क्षमता वाली दमकलें मौके पर पहुंचीं, लेकिन 5 हजार लीटर पानी भी नाकाफी साबित हुआ। नागौर फायर ब्रिगेड की टीम में फायरमैन महबूब अली, फायरमैन शाहिल खान, फायरमैन रामनाथ खोजा ड्राइवर दिनेश बिश्नोई एवं मुण्डवा फायर ब्रिगेड की टीम में चालक परवीन व्यास एवं फायर मैन ओम प्रकाश आदि ने आग बुझाई।

प्रभावित रहा यातायात

हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर वैकल्पिक व्यवस्था की और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने के बाद मार्ग को सुचारु कराया। हादसे के कारण यातायात प्रभावित रहा।