17 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पीएम मोदी ने राजस्थान को दी बड़ी सौगात, 8 अमृत स्टेशनों का किया लोकार्पण, 15 गुना बढ़ा रेल बजट

राजस्थान के रेलवे नेटवर्क को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के 8 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का लोकार्पण किया, वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि प्रदेश का रेल बजट अब 682 करोड़ रुपये से बढ़कर 10,228 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे में हो रहा रिकॉर्ड निवेश विकसित राजस्थान के संकल्प को नई मजबूती देगा।
3 min read
Google source verification

नागौर

image

Kamal Mishra

Jul 17, 2026

CM Bhajan Lal

CM Bhajan Lal Sharma: गोटन में जनता को संबोधित करते हुए (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

नागौर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। 20 राज्यों के इन पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों में राजस्थान के 8 अमृत स्टेशन गोटन, डीग, सोमेसर, दौसा, खैरथल, बाड़मेर, जैसलमेर और गंगापुर सिटी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नागौर के गोटन रेलवे स्टेशन से वीसी के जरिए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े और उनका संबोधन सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारतीय रेलवे में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं, जिससे देश की प्रगति, विकास और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला बनी है। प्रधानमंत्री के कर कमलों से प्रदेश को आज 8 अमृत स्टेशनों की सौगात मिली है। ये अमृत स्टेशन विकसित राजस्थान के संकल्प को गति देने में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।

नई ऊंचाइयां छू रहा भारतीय रेलवे- सीएम

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे निरंतर नई ऊंचाइयां छू रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वस्तरीय एवं आधुनिक रेलवे स्टेशन तथा सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाओं के संकल्प के साथ रेलवे के बुनियादी ढांचे का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं तथा रेल कनेक्टिविटी का निरंतर विस्तार हो रहा है।

वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत आधुनिकता की ‘त्रिवेणी’

उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेनें गति और आधुनिकता के नए मानक स्थापित कर रही हैं। नमो भारत रैपिड रेल शहरी कनेक्टिविटी को नई दिशा दे रही है तथा अमृत भारत ट्रेनें आम यात्रियों को बेहतर और किफायती यात्रा सुविधा प्रदान कर रही हैं। इसी तरह भारत गौरव ट्रेनें हमारी सांस्कृतिक विरासत को देश के विभिन्न भागों से जोड़ रही हैं। रेलवे विद्युतीकरण भारत को हरित परिवहन की दिशा में आगे बढ़ा रहा है तथा नए रेल मार्ग, आधुनिक स्टेशन और अत्याधुनिक टर्मिनल देश की आर्थिक प्रगति को गति दे रहे हैं।

राजस्थान के लिए बजट बढ़कर हुआ 15 गुना

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में राजस्थान को रेलवे की ऐतिहासिक सौगातें मिल रही हैं। वर्ष 2009 से 2014 के दौरान राजस्थान को रेलवे के लिए 682 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जो वर्ष 2026-27 में बढ़कर 10 हजार 228 करोड़ रुपये हो गया है। वर्तमान में प्रदेश में 76 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे कार्य प्रगति पर हैं।

प्रदेश में 5 जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएं, 85 स्टेशनों का हो रहा विकास

उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजस्थान में 5 जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएं संचालित हो रही हैं तथा वर्ष 2014 से अब तक लगभग 3 हजार 900 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का निर्माण किया गया है। इसी तरह 4 हजार 623 करोड़ रुपये की लागत से 85 स्टेशनों का विकास किया जा रहा है, जिनमें से कई स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि गत माह में जयपुर से दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा प्रारम्भ की गई तथा 205 करोड़ रुपये की लागत से खातीपुरा में विकसित मेगा कोचिंग टर्मिनल का शुभारम्भ किया गया। इससे वंदे भारत सहित विभिन्न प्रकार की ट्रेनों का रखरखाव एक ही स्थान पर किया जा सकेगा।

राजस्थान से गुजरता है वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) राजस्थान की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बन रहा है। प्रदेश में 567 रूट किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर लगभग 14 हजार 700 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। शक्ति कार्गो टर्मिनल योजना के अंतर्गत अनेक टर्मिनल स्थापित किए गए हैं।

विकास का नया केंद्र बनेगा गोटन रेलवे स्टेशन

उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को विकसित राजस्थान के माध्यम से साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारी सरकार पानी, बिजली, सड़क, रेलवे से लेकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के साथ प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयां प्रदान कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि गोटन अमृत स्टेशन पूरे नागौर क्षेत्र के लिए विकास का नया केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में ये लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, राज्य किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी, विधायक लक्ष्मण राम कलरू, रेवंत राम डांगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।