एक माह में पूरा होगा काम, पब्लिक पार्क का बदलेगा स्वरूप
पहले चरण में 10 लाख से हो रहे कार्य
मेड़ता सिटी. शहर के पब्लिक पार्क में 10 हजार स्क्वॅायर फीट क्षेत्र के 3 ब्लॉकों में मैक्सिकन आस्ट्रेलियाई दूब लगाने का काम बुधवार से शुरू किया गया। पहले दिन दूब लगाने के लिए चिह्नित किए गए ब्लॉकों में जेसीबी से खुदाई की गई। एक महीने में 10 लाख रुपए से आस्ट्रेलियाई दूब लगाने, एनर्मी हैज पौधे लगाने का पहले चरण का कार्य पूरा हो जाएगा। शहर के पब्लिक पार्क में सुबह 10 बजे पालिकाध्यक्ष रामसुख मुंशी, अधिशाषी अधिकारी श्रवणराम चौधरी, सहायक अभियंता रामप्रसाद, जेईएन सरफराज अंसारी, निरीक्षक शिवलाल बाना,घनश्याम माली की देखरेख में कार्य शुरू हुआ। आस्ट्रेलियाई दूब लगाने के लिए चिह्नित किए गए तीन ब्लॉक क्षेत्रों में जेसीबी से डेढ़ फीट खुदाई हुई। पुरानी मिट्टी निकालने के बाद नई बालू मिट्टी और खाद व उर्वरक डाले जाने के बाद मैक्सिकन आस्ट्रेलियाई दूब लगाई जाएगी। दूब लगाने के एक महीने तक इसकी विशेष रूप से देखरेख की जाएगी, इसके बाद यह ब्लॉक आमजन के लिए खोल दिए जाएंगे।
आेपन जिम बनेगी, युवा कर सकेंगे व्यायाम
पालिका के अधिशाषी अधिकारी चौधरी ने बताया कि पब्लिक पार्क के एक ब्लॉक क्षेत्र में आेपन जिम भी बनेगा। इसमें व्यायाम के उपकरण लगवाए जाएंगे, इससे सुबह-शाम टहलने आने वाले युवा व्यायाम भी कर सकेंगे। इसी तरह पार्क में सौंदर्यकरण के लिए तीन ब्लॉकों में एनर्मी हैज के पौधे लगेंगे। इसके लंबे पौधे को किसी भी आकार में कटिंग करके अच्छी तरह से सौंदर्ययुक्त बनाया जा सकता है।
इनका कहना है...
‘पब्लिक पार्क में आस्ट्रेलियाई दूब लगाने का कार्य शुरू करवा दिया है। एक महीने में कार्य पूरा हो जाएगा। पार्क के एक ब्लॉक में व्यायाम के लिए ओपन जिम भी बनवाया जाएगा।
- श्रवणराम चौधरी, ईओ, मेड़ता
बिजली बंद रहेगी
सांजू कस्बे के नागौर चौराहा पर बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान 5 गुरुवार सुबह 9 से 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सांजू कनिष्ठ अभियंता अंकीत राव ने बताया कि नागौर चौराहा के पास खड़े पोलों को शिफ्टिंग के दौरान 132 केवी ग्रिड स्टेशन से निकलने वाले सभी फ ीडर सुबह 9 बजे से 12 बजे तक बंद रहेंगे।