नागौर

पहले लडक़ी को किया अगवा, फिर चलती कार में किया दुष्कर्म, पांच दिन तक भटकती रही पीडि़ता

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Jul 21, 2018
rape

डीडवाना। डीडवाना तहसील के ग्राम दौलतपुरा की एक नाबालिग लडक़ी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले युवती को अगवा किया और फिर चलती कार में दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपितों ने लडक़ी को अन्यत्र छोड़ दिया, जिसके बाद लडक़ी चार दिनों तक इधर-उधर भटकती रही और शुक्रवार को जब वापस घर पहुंची तो उसने आपबीती बताई।

सहायक पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक यादव ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में पुलिस ने पीडि़ता के बयान पर आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही पीडि़ता का मेडिकल मुआयना भी करवाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच डेगाना के वृताधिकारी अंतर सिंह को सौंपी गई है।

चलती कार में दुष्कर्म
दौलतपुरा निवासी नाबालिग लडक़ी जब चार दिन बाद घर पहुंची और आपबीती बताई तो परिजन और पुलिस हतप्रभ रह गई। लडक़ी ने पुलिस को बताया कि उसे दो युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ कार में ले गए थे। इनमें से एक युवक शाहरूख नाम का था, जबकि दूसरा युवक रामदेवाराम कार चला रहा था। इसी दौरान चलती गाड़ी में शाहरूख ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

शहर-शहर भटकती रही पीडि़ता
दुष्कर्म के बाद आरोपित लडक़ी को किसी स्थान पर छोडक़र फरार हो गए। वहां से युवती किसी तरह कुचामन होते हुए जयपुर पहुंची गई। इसके बाद वह हरियाणा के रेवाड़ी पहुंच गई। बाद में वो 18 जुलाई को फिर रामदेवरा चली गई और वहां से 19 जुलाई को किसी तरह लडक़ी वापस अपने घर पहुंची।

पहले गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज
एसएसपी यादव ने बताया कि लडक़ी के पिता ने गत 15 जुलाई को डीडवाना थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि गत 15 जुलाई को वे अपनी पत्नी के साथ मणिहारी का सामान बेचने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। शाम को 6 बजे जब वे वापस घर लौटे तो उन्हें अपनी बेटी नहीं मिली। आस-पास में तलाश करने व रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी पता नहीं चलने पर लडक़ी के पिता ने डीडवाना थाने में लडक़ी के अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज करवाया था।

पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ युवती का अपहरण करने व दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया है। साथ ही पोक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

इनका कहना है
नाबालिग लडक़ी का अपहरण कर कार में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है। पीडि़ता ने अपने बयान में अगवा करने व दुष्कर्म की बात बताई है। जिसके आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच प्रारम्भ कर दी है।
डॉ. दीपक यादव, सहायक पुलिस अधीक्षक, डीडवाना

Updated on:
21 Jul 2018 10:17 pm
Published on:
21 Jul 2018 08:32 pm