
Nagaur: Purchasing firecrackers from a shop in the market.
तीन तरफ से एक साथ रोशनी बिखेरने वाला अनार पहली बार बाजार में
सुतली बम का जलवा बरकरार, बच्चों के लिए भी आई नई वेरायटी
नागौर. दीपावली पर शहर के प्रमुख बाजारों में पटाखों की दुकानें सज गई हैं। इस बार आतिशबाजी का अंदाज भी बदला हुआ नजर आएगा। बाजार में परंपरागत पटाखों के साथ कई नई वेरायटी आई हैं। इनमें पैराशूट रॉकेट, 12 से 13 रंग बिखेरने वाला अनार और तीन तरफ से एक साथ जलकर रोशनी फैलाने वाला अनार खास आकर्षण बने हुए हैं। वहीं, एक हाथ से भी ज्यादा लंबी फुलझड़ी और रंगीन पैकिंग वाले पटाखे भी बच्चों और युवाओं को लुभा रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले पटाखे कुछ महंगे जरूर हुए हैं, लेकिन दुकानदारों के अनुसार इसका खरीदारी पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।
पैराशूट रॉकेट और रंगों की बरसात वाला अनार खास
इस बार नागौर के बाजार में पैराशूट रॉकेट नई वेरायटी के रूप में आया है। इसे जलाने पर रॉकेट ऊपर जाकर पैराशूट के आकार में खुलता है और आतिशबाजी का अलग नजारा दिखाता है। इसी तरह दर्जन भर रंगों वाला अनार भी खरीदारों के लिए नया आकर्षण है। पहले अनार में पांच से छह रंग ही दिखाई देते थे, लेकिन इस बार कुछ वेरायटी में 12 से 13 रंगों की रोशनी बिखेरने का दावा किया जा रहा है। ये अनार देर तक जलने के साथ आवाज भी करते हैं। बाजार में एक साथ तीन तरफ से जलने वाला अनार भी आया है, जो अलग-अलग दिशाओं में रंगीन रोशनी फैलाता है। इसी तरह पटाखों की दुकानों पर इस बार छोटी फुलझड़ी के साथ एक हाथ से भी ज्यादा लंबी फुलझड़ी भी उपलब्ध है। सात शॉट वाले पटाखे, रंगीन रॉकेट, चकरी, अनार और अलग-अलग तरह के शॉट्स की कई वेरायटी सजी हैं। बच्चों के लिए बटरफ्लाई और चिटपुटिया पटाखों की शृंखला है। खिलौना पिस्टल के साथ छह राउंड वाली गोलियों के पैकेट भी बिक रहे हैं। वहीं, हाथी के आकार की आकर्षक पैकिंग वाले पटाखे भी बच्चों को लुभा रहे हैं।
सुतली बम की मांग में कमी नहीं
नई और आकर्षक वेरायटी आने के बावजूद परंपरागत पटाखों का क्रेज कम नहीं हुआ है। सुतली बम अब भी खरीदारों की पसंद बना हुआ है। दुकानदारों के अनुसार युवा और बड़े उम्र के खरीदारों में इसकी मांग बनी हुई है। बाजार में परंपरागत बम, फुलझड़ी और चकरी के साथ नए डिजाइन के पटाखों की भी खरीदारी हो रही है। इस बार पिछले साल के मुकाबले पटाखों की कीमतों में करीब 10 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी बताई जा रही है। इसके बावजूद ग्राहकों की खरीदारी पर इसका खास असर नहीं पड़ा है। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार छोटे पैकेट से लेकर महंगी वेरायटी तक खरीद रहे हैं। बाजार में बच्चों के लिए कम कीमत वाले पटाखों से लेकर बड़े शॉट और आकर्षक अनार तक विकल्प उपलब्ध हैं।
दुकानदारों की जुबानी
नागौर में पहली बार पैराशूट रॉकेट आया है। यह जलने के बाद ऊपर जाकर पैराशूट के आकार में खुलता है। दर्जनभर रंगों वाला अनार भी इस बार की नई वेरायटी है। पैराशूट रॉकेट करीब 350 रुपए और 10 पीस वाला रंगीन अनार 480 रुपए में उपलब्ध है।
युधिष्ठिर पंवार, दुकानदार, हाथी चौक
परंपरागत पटाखों की मांग ज्यादा है। फैशनेबल पटाखों को लोग उतना पसंद नहीं करते। इस बार तीन तरफ से एक साथ जलने वाला अनार आया है, जो रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरता है।
राजू टाक, दुकानदार, दिल्ली दरवाजा
Updated on:
5 Nov 2026, 9:16 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 9:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.