
नागौर. जिले के मंगलाना में नया रीको औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। कलक्टर कुमारपाल गौतम ने इसके लिए भूमि चिह्नीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कलक्टर ने कहा कि रीको को भूमि की जितनी जरूरत है तथा जहां सुगमता से आवागमन होता हो, ऐसी जमीन का चयन कर शीघ्र ही औद्योगिक क्षेत्र स्थापित जाए। कलक्टर गौतम गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय औद्योगिक सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मंगलाना में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने में राजस्व अधिकारियों द्वारा भूमि चिह्नीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करवाया जाएगा। भूमि के चयन में मंगलाना क्षेत्र के उद्योग संघ व जिला उद्योग केन्द्र संयुक्त रूप से भूमि के चयन का प्रयास करें ताकि जल्द से जल्द वहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित हो सके। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जहां रीको द्वारा औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर रखा है। वहां भ्रमण कर सभी सुविधाओं को देखें तथा आवश्यक सुझाव जिला प्रशासन को भेजें, जिससे और अधिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सके।
फिर उठा अरबन सेस का मुद्दा
बैठक में औद्योगिक संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में जो इकाइयां कार्यरत हैं, उनमें डिस्कॉम द्वारा हर माह नगर पालिका कर (अनबन सेस) लिया जाता है, जबकि रीको द्वारा भी उनसे अलग से रोड लाइट का चार्ज वसूला जाता है। ऐसे में उनसे एक ही सुविधा के बदले दो बार वसूली की जा रही है। इस पर कलक्टर ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में अरबन सेस को मुक्त करने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। सेस मुक्त करना राज्य सरकार के स्तर पर ही संभव है।
गोगलाव में 132 केवी जीएसएस
कलक्टर ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता जस्साराम छाबा को निर्देश दिए कि गोगेलाव में 132 केवी जीएसएस का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए। इसकी स्थापना में जो भी परेशानी आ रही है, उन सबको हटाने के लिए सोमवार तक एक नोट बनाकर उन्हें उपलब्ध करवाएं, ताकि निर्माण में आ रही दिक्कतों को समाप्त कर जीएसएस की स्थापना करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र बिदियाद से ग्राम बिदियाद तक जो सड़क बनी है उसे शीघ्र ही पूर्ण गुणवत्ता के साथ बनाई जाए। इसके लिए महाप्रबंधक उद्योग सड़क निर्माण पूर्ण होने तक मॉनिटरिंग का कार्य करेंगे। बैठक में महाप्रबंधक उद्योग, रीको, विद्युत तथा औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि भोजराज सारस्वत सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।