नागौर

नागौर में झमाझम – रात 11 बजे मेघ हुए मेहरबान

जिले में कई जगह बारिश, दोपहर में चली धूलभरी हवाएं फिर बरसे बादल,
2 min read
• •
Updated: 20 Jun 2018, 11:46 AM IST
nagaur hindi news
nagaur news

नागौर. जिले में मंगलवार दोपहर बाद आंधी के साथ आई बरसात से मौसम एकाएक बदल गया। शहर में कई जगह झमाझम बारिश होने से सड़क पर पानी भरा रहा। जिले के कुचामन, मेड़ता, लाम्बा जाटान, दधवाड़ा एवं बूडसू में तेज आंधी के साथ बरसात होने के समाचार है। कई जगहों पर आंधी के दौरान पेड़ व पोल उखड़ गए। बारिश से आमजन के साथ ही किसानों को भी राहत मिली। बारिश के बाद तापमापी का पारा तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। दोपहर में 40 से 41 डिग्री तक रहने वाला 30 से 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। नागौर में दिल्ली गेट, गांधी चौक, मूण्डवा चौराहा व कॉलेज रोड आदि के आस पास के क्षेत्रि में बारिश हुई। लेकिन शहर के अन्य क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से लोगों को निराशा हाथ लगी। बरसात से गांधी चौक एवं दिल्ली गेट आदि क्षेत्र के बाजारों में कई जगहों पर पानी भर गया।
रात 11 बजे नागौर पर मेघ हुए मेहरबान
शहर में रात 11 बजे के बाद मौसम ने एक बार फिर पलटी खाई और तेज गर्जना के साथ हलकी बूंदाबांदी शुरू हुई जो कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश में तब्दील हो गई। तेज हवा के साथ चल रही बारिश से लोगों को काफी हद तक गर्मी व उमस से राहत मिली। बारिश की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में सड़कों पर पानी बहने लगा। कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया तथा तेज हवा के कारण कुछ लोगों के टीन-टप्पर भी उड़ गए।
बासनी. मंगलवार की शाम को हुई बारिश होने से ग्रामीणों को गर्मी से राहत मिली है। अपराह्न 4 बजे शुरू हुई बारिश आधे घंटे तक हुई। बारिश के दौरान बासनी की गलियों में पानी भर गया। बारिश में बच्चों ने भीगकर आनंद उठाया। कई दिन से गर्मी की मार झेल रहे बासनी के लोगों को बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है। ठण्डी हवा ने मौसम खुशगवार कर दिया।

Published on: