दलीय स्पर्धा में 17 वर्ष की जोधपुर व 19 वर्ष की उदयपुर टीमें रही विजेता
नागौर. जिला मुख्यालय पर पिछले पांच दिन से चल रही ६२वीं राज्य स्तरीय 17 व 19 वर्ष छात्रा वर्ग की बैडमिंटन खेलकूद प्रतियोगिता के फाइनल मैच गुरुवार को खेले गए, जिसमें जोधपुर की साक्षी असरानी ने 17 वर्ष एवं टोंक की काजमीन खान ने 19 वर्ष की व्यक्तिगत स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया। इसी प्रकार दलीय स्पर्धा में 17 वर्ष में जोधपुर तथा 19 वर्ष में उदयपुर की टीमें स्टेट चैम्पियन रहीं। प्रतियोगिता का समापन नागौर विधायक हबीबुर्रहमान के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार सुबह 8 बजे रतन बहन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के पांचवें दिन खेले गए 17 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में जोधपुर की साक्षी असरानी ने उदयपुर की मानसी चौहान को 21-16, 23-21 से हराकर स्टेट चैम्पियनशिप अपने नाम की। इसी प्रकार 19वर्ष आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में टोंक की काजमीन ने जयपुर की जिस्मी सोजन को 21-17, 16-21, 21-14 से हराकर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
तीसरे स्थान पर रहा अलवर
व्यक्तिगत स्पर्धा 17 वर्ष में तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में अलवर की अनुष्का ने कोटा की लश्कारा को 21-15, 21-13 से हराया। झुंझुनूं की करूणा ने पांचवां, उदयपुर की दिशा ने छठा, जोशपुर की राशि ने सातवां तथा उदयपुर की शिवांजली ने आठवां स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार 19वर्ष में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में अलवर की परिधि ने अजमेर की टीसा को 21-6, 21-18से पराजित किया। उदयपुर की युक्ति ने पांचवां, श्रीगंगानगर की रितु ने छठा, जयपुर की अनुष्का ने सातवां तथा अजमेर की लावण्या ने आठवां स्थान प्राप्त किया।
दलीय प्रतियोगिता परिणाम
17 वर्ष आयु वर्ग की दलीय स्पर्धा में प्रथम स्थान पर जोधपुर जिला रहा। इसी प्रकार उदयपुर द्वितीय, अलवर तृतीय, भीलवाड़ा चौथे, जयपुर पांचवें, झुंझुनूं छठे, बूंदी सातवें तथा अजमेर आठवें स्थान पर रहा। 19वर्ष आयु वर्ग में उदयपुर प्रथम, जयपुर द्वितीय तथा अलवर तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार अजमेर चौथे, टोंक पांचवें, भीलवाड़ा छठे, श्रीगंगानगर सातवें तथा बीकानेर जिला आठवें स्थान पर रहा।
विधायक ने किया उत्सावर्धन
गुरुवार को जिला स्टेडियम के इनडोर हॉल में खेले गए फाइनल मुकाबलों की शुरुआत नागौर विधायक हबीबुर्रहमान ने करवाई। विधायक ने फाइनल मुकाबलों के दौरान मौके पर उपस्थित रहकर खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता जीतने वाली खिलाडि़यों को शुभकामना दी। स्टेडियम पहुंचने पर प्रतियोगिता संयोजक ओमप्रकाश शर्मा, स्टाफ सदस्य छोटाराम रोज, खुर्शीद मुबारक, गिरधारीसिंह, बद्रीलाल भाटी, भगानाराम सांगवा, रामकिशन शर्मा, शिवशंकर व्यास, भवानीसिंह सहित अन्य शिक्षकों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।