नागौर

Gangster Sandeep Bishnoi: शराब तस्कर, हथियार सप्लायर और सुपारी किलर था संदीप, बदले की आग में हुआ था ढेर

संदीप बिश्नोई (Gangster Sandeep Bishnoi) हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर और सुपारी किलर था

2 min read
Jul 14, 2023

नागौर। राजस्थान का भरतपुर जिला बुधवार को उस वक्त दहल गया, जब भाजपा नेता कृपाल सिंह जघीना हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुलदीप जघीना (Kuldeep Jaghina Murder) को बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। उसके 6 गोलियां लगीं। बदमाशों ने करीब 16 राउंड फायर किए और 5 मिनट में वारदात कर फरार हो गए। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब अपराधियों ने बदला लेने के लिए किसी गैंगस्टर की सरेआम हत्या की हो। ऐसा ही कुछ, बीते साल सितंबर महीने में हुआ था, जब नागौर कोर्ट में पेशी के लिए लाते वक्त गैंगस्टर संदीप बिश्नोई (Gangster Sandeep Bishnoi) को गोलियों से छलनी कर दिया गया था।

संदीप बिश्नोई हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर और सुपारी किलर था। वह सेठी गिरोह से जुड़ा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शराब तस्करी के साथ वह सुपारी किलिंग भी करता था। संदीप सेठी सुपारी लेकर बड़े आपराधिक वारदाताें काे अंजाम देता था। तस्कर राजू फौजी और गैंगस्टर संदीप बिश्नोई (Gangster Sandeep Bishnoi) दोस्त थे। सूत्र बताते हैं कि संदीप सुपारी किलर के साथ हथियार सप्लायर भी था। नागौर में 29 नवंबर 2019 को हुए हत्याकांड में पहली बार संदीप का नाम सामने आया था। हत्या के लिए एक महिला ने संदीप को 30 लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसी मामले में वह नागौर जेल में बंद था। बीते साल सितंबर में हरियाणा का सुपारी किलर संदीप सेठी उर्फ संदीप बिश्नोई कोर्ट में साथियों के साथ पेशी पर आया था। वह दोपहर को करीब एक बजे कोर्ट से बाहर निकला तभी उस पर ताबड़तोड़ फायर शुरू कर दिए। उसके सिर और सीने पर गोलियां मारी गई। वह मौके पर ही ढेर हो गया।

सुनील पंडित ने जीजा की मौत का लिया था बदला

कुख्यात गैंगस्टर संदीप बिश्नोई (Gangster Sandeep Bishnoi) को फतेहाबाद जिले के भूना के सुनील पंडित ने अपने साथियों के साथ मिलकर मौत के घाट उतारा था। सुनील पंडित पिछले 13 साल से बदले की आग में जल रहा था। दरअसल सुनील पंडित के जीजा संजय कौशिश की 2009 में हत्या कर दी गई थी। इस हत्या का आरोप संदीप बिश्नोई पर लगा था। सुनील पंडित की तीन बहनों में से एक के विधवा होने पर उसने चूड़ी तोड़ने की रस्म के दौरान संदीप को मौत के घाट उतारने की कसम खाई थी। इस कसम को पूरा करने के लिए सुनील पंडित दीप्ति गैंग में शामिल हुआ था।

Published on:
14 Jul 2023 12:52 pm
Also Read
View All