
CC TV camera in nagaur
नागौर. बदलते दौर में तकनीक के सहारे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नागौर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ के तहत अभय कमांड सिस्टम लागू किया गया है, जिसके जरिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से पूरे शहर की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। यह पहल न केवल अपराध नियंत्रण में मददगार साबित हो रही है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली को भी अधिक प्रभावी और तेज बना रही है।
शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगाए गए ये कैमरे हर छोटी-बड़ी हर गतिविधि को रिकॉर्ड कर रहे हैं। इन कैमरों से मिलने वाली लाइव फुटेज पर नजर रखने के लिए अभय कमांड रूम में विशेष रूप से पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यहां 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाती है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
गश्ती दल को देते हैं रियल टाइम इनपुट
रात्रि गश्त में भी इन कैमरों का उपयोग पुलिस के लिए ‘तीसरी आंख’ साबित हो रहा है। गश्ती दल को कंट्रोल रूम से रियल टाइम इनपुट मिलता है, जिससे वे तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर पाते हैं। इससे अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव भी बना है और शहर में सुरक्षा का माहौल मजबूत हो रहा है। इस आधुनिक तकनीक के चलते शहर में अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि कैमरों की ‘तीसरी आंख’ अब हर गली-मोहल्ले तक पहुंच बनाने में मददगार साबित होगी।
अब शहर में घरों व प्रतिष्ठानों लगे कैमरों को भी जोड़ेंगे
आगे की योजना के तहत पुलिस अब शहर के घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों को भी अभय कमांड से जोडऩे की तैयारी कर रही है। इससे निगरानी का दायरा और अधिक व्यापक होगा तथा शहर के हर कोने पर प्रभावी नजर रखी जा सकेगी। पुलिस ने शहरवासियों एवं व्यापारियों से आह्वान किया है कि यदि वे चाहें तो घरों व प्रतिष्ठानों पर बाहर की तरफ लगे उनके कैमरों को पुलिस के अभय कमांड कंट्रोल रूम से जुड़वा सकते हैं। यदि शहरवासियों ने इसमें सहयोग किया तो शहर में 4000 से ज्यादा कैमरे अभय कमांड से जुड़ जाएंगे, जिससे पुलिस शहर में होने वाली हर गतिविधि पर लाइव नजर रख सकेगी और चोरी या अन्य किसी घटना का पर्दाफाश कुछ ही समय में कर सकेगी।
अब भाग नहीं पाएंगे बदमाश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तकनीक के उपयोग से चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है। अपराधी, अपराध करने के बाद जहां भी जाएंगे, कैमरे की मदद से उन पर नजर रखी जा सकेगी। साथ ही, किसी घटना के बाद जांच के दौरान वीडियो फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में काम आ रही है, जिससे मामलों का खुलासा जल्दी होगा।
त्वरित जांच और साक्ष्य जुटाने में मदद मिलेगी
हमने रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के लिए सीसी टीवी कैमरों पर फोकस किया है, जिनकी 24 घंटे मॉनिटरिंग के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इससे न केवल अपराधों की रोकथाम होगी, बल्कि किसी भी घटना के बाद त्वरित जांच और साक्ष्य जुटाने में भी बड़ी मदद मिलेगी। अब हमने निजी कैमरों को भी जोडऩे की प्लानिंग की है, यदि आमजन इसकी स्वीकृति देते हैं तो घरों व दुकानों पर बाहर की तरफ लगे उनके कैमरों को अभय कमांड से जोड़ देंगे, जिससे यह नेटवर्क और मजबूत होगा।
- रोशन मीना, पुलिस अधीक्षक, नागौर
Published on:
27 Apr 2026 10:34 am
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
