
चौसला. डामर बिछाने के दूसरे दिन ही वाहनों की आवाजाही से कई जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी। कहीं डामर के साथ कंकरीट और ग्रेवल बाहर निकल रही है तो कहीं सतह कमजोर नजर आ रही है। इससे नाराज ग्रामीणों ने मौके पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया और निर्माण सामग्री की तकनीकी जांच करवाने की मांग की।
लाखनपुरा से लूणवां तक सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। जगह-जगह गड्ढे और बिखरी कंकरीट के कारण दुपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती रही है। चौपहिया वाहन भी हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। बरसात में हालात और खराब हो जाते हैं। लंबे इंतजार के बाद निर्माण की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी, लेकिन शुरुआती काम में ही खामियां सामने आने से नाराजगी बढ़ गई।
निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच मंत्री विजय सिंह ने भी संबंधित जिम्मेदारों के प्रति नाराजगी जताई और गुणवत्ता का ध्यान रखने की हिदायत दी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम नहीं हुआ तो सरकारी बजट खर्च होने के बावजूद सड़क जल्द ही फिर बदहाल हो जाएगी। उन्होंने सामग्री की निष्पक्ष तकनीकी जांच करवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने मौके पर अधिकारियों से उखड़ी परत को दोबारा ठीक करवाने और निर्धारित मापदंडों के अनुसार निर्माण कराने की मांग की। विरोध के बाद सरपंच और एईएन-जेईएन ने क्षतिग्रस्त हिस्से को सुधारने का आश्वासन दिया। ग्रामीण बद्री प्रसाद ने कहा कि केवल आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सड़क की गुणवत्ता में मौके पर सुधार होना चाहिए।
निर्माण ठेकेदार महेंद्र पोषक ने बताया कि लाखनपुरा से छात्रावास तक 2200 मीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसके तहत पहले कंकरीट बिछाई जा रही है और बाद में सीलकोट किया जाएगा। डामर के भाव बढ़ने से लागत में वृद्धि हुई है और निर्धारित बजट में काम करने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण तय प्रावधानों के अनुसार किया जा रहा है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग नावांशहर के जेईएन गोविन्द कुमार ने बताया कि निर्माण के दौरान एक-दो स्थानों पर कमियां रह गई हैं। इन्हें चिह्नित कर दोबारा मरम्मत करवाई जाएगी। इसके बाद सड़क पर दूसरी परत बिछाई जाएगी, जिससे गुणवत्ता और मजबूती में सुधार होगा।