
मकराना. जयपुर के एक जेवर व्यापारी योगेश सोनी को बहाने से जयपुर से मकराना बुलाकर कुछ जनों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए उससे 285 ग्राम सोने के जेवरात तथा 1 लाख 45 हजार रुपए नकदी लूट ली। इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने प्लान बनाकर व्यापारी के साथ लूट की। योगेश सोनी को उसके कारीगर राजीव सोनी तथा रावण गेट जयपुर निवासी लव बना ने गहने खरीद के बहाने मकराना बुलाया। जिस पर वह २ अगस्त को गहने लेकर मकराना आया। मकराना में लव बना ने योगेश से कहा कि कालवा निवासी मेरे मित्रों को गहने खरीदने हैं। कुछ ही देर में एक गाड़ी में चार जने आए। जिनका लव बना ने एमपी बना, अनिल गुर्जर, देवेन्द्र सिंह, हिम्मत सिंह तथा विक्रम सिंह के रूप में परिचय करवाया। सभी ने योगेश से 140 ग्राम सोने की १६ चूडिय़ां उससे ले ली तथा कहा कि हमारे साथ चलो अभी भुगतान करवा देते हैं। कुछ दूर जाकर गहनों के पैसे देने के बजाय आरोपियों ने योगेश को धमकाना शुरू कर दिया तथा उसे जान से मारने की धमकी देते हुए गहनों के पैसे देना तो दूर उसके गले से 35 ग्राम की सोने की चेन तथा हाथ में पहने 110 ग्राम के सोने के 4 कड़े सहित 1 लाख 45 हजार रुपए और लेकर फरार हो गए।
थानाधिकारी गोगाराम चौधरी ने सब इन्सपेक्टर अब्दुल रहुफ की अगुवाई में एक टीम का गठन किया। जिसने दो आरोपी अनिल गुर्जर एवं विक्रम सिंह को हिरासत में ले लिया।
वारदात में शामिल एमपी बना ने लूट के कुछ गहनों को मकराना में ही सोने पर लोन देने वाली एक कम्पनी के पास गिरवी रख कर उनसे 1 लाख 50 हजार रुपए का लोन भी ले लिया।
मारपीट कर घर से सामान चोरी कर ले जाने का आरोप
मकराना. पुलिस थाना मकराना में न्यायालय इस्तगासा के माध्यम से मारपीट करते हुए घर से सामान चोरी कर ले जाने का मालला दर्ज किया गया। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जूसरिया निवासी परसाराम पुत्र स्वर्गीय रामेश्वर लाल ने मुकदमा दर्ज कराते हुए लिखा है कि वह जूसरिया में अपने नए मकान में रहता है। अपने बापोती के मकान में उसके हिस्से में जो भाग आया हुआ है। उनके मकान में उसने ताला लगाकर अपना सामान रख रखा है। जब वह कोई सामान लेने गया तो उसने देखा कि वहां पर आरोपी मकान के ताले तोड़ रहे थे। प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने लगे तथा प्रार्थी के कमरें में रखा घरेलू सामान सूटकेस, पलंग, बर्तन आदि चुरा ले गए।
विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का आरोप
मकराना. देशवालियों की ढाणी मकराना निवासी मजीद पुत्र मांगू शाह ने जीवणराम पुत्र हनुमाना राम के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने आरोप लगाते हुए न्यायालय के माध्यम से पुलिस थाना मकराना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी जीवणराम ने उसे तथा उसके भाई को विदेश में (सिंगापुर) भेजने का झांसा देते हुए बताया कि वहां उन्हें प्लम्बर का काम दिलवा देगा तथा दोनों को 35-35हजार रुपए हर माह तनख्वाह मिलेगी। इस तरह झांसा देकर आरोपी ने उनसे 24हजार रूपए ले लिए तथा उसे झांसा दिया।