नागौर

विधायक हनुमान बेनीवाल ने उड़ाई भाजपा की नींद, अमित शाह के दौरे का करेंगे विरोध

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Sep 14, 2018
Hanuman Beniwal

नागौर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नागौर दौरे को लेकर खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल के बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। खासकर अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं की नाराजगी झेल रही भाजपा के लिए अब मुश्किलें बढ़ गई हैं, जब विधायक बेनीवाल ने अमित शाह के दौरे का विरोध करने की घोषणा कर दी है। इसके लिए उन्होंने 16 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर अपने समर्थकों की बैठक भी बुलाई है ताकि विरोध की रणनीति तैयार कर सकें।

किसानों को भ्रमित कर रही सरकार
विधायक बेनीवाल ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश व केन्द्र में भाजपा समर्थित सरकार होने के बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पाए और अब चुनाव आते ही किसानों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागौर में अमित शाह व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का विरोध किया जाएगा और विरोध का तरीका क्या रहेगा, इसको लेकर 16 को टाऊन हॉल में बैठक आयोजित कर चर्चा की जाएगी।

बैठक में तय करेंगे विरोध का तरीका
बेनीवाल ने टाऊन हॉल में आयोजित होने वाली बैठक में नागौर, खींवसर सहित प्रदेशभर से अपने समर्थकों को बुलाया है और उनके साथ चर्चा कर विरोध के तरीके को लेकर निर्णय लिया जाएगा। बेनीवाल ने कहा कि 18 सितम्बर को भाजपा के अध्यक्ष शाह का विरोध करके दिल्ली तक यह संदेश पहुंचाएंगे कि राजस्थान के साथ सरकार ने किस तरह से खिलवाड़ किया है। बेनीवाल ने आरोप लगाया कि राज्य व केंद्र सरकार ने बेरोजगारों को 15 लाख नौकरी देने का वादा किया थाए लेकिन वादा पूरा नहीं कर पाए।

फसल बीमा के नाम पर कम्पनियों को फायदा
विधायक बेनीवाल ने कहा कि फसल बीमा के नाम पर किसानों को बीमा कंपनियां लूट रही है और सरकार इसमें सहयोगी बन रही है। स्थिति यह है कि किसानों को फसल नुकसान के बावजूद प्रीमियम का 15 प्रतिशत भी क्लेम नहीं मिल रहा है, जबकि हर सीजन में बीमा कम्पनियां लाखों करोड़ का प्रीमियम वसूल रही है। बेनीवाल ने कहा कि सरकार खींवसर क्षेत्र में डार्क जोन के नाम पर सौतेला व्यवहार कर रही। किसान कुएं, ट्यूबवेल खुदवाकर बैठे हैं लेकिन उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। डार्क जोन की आड़ में अधिकारी लूट मचा रहे हैं। बेनीवाल ने कहा कि किसान व युवाओं के मुद्दों को लेकर अमित शाह का विरोध करेंगे।

हुंकार रैलियों से घबराई सरकार
विधायक हनुमान बेनीवाल ने कहा कि दो दिन पहले कांग्रेस ने अजमेर संभाग की संकल्प रैली परबतसर में की और अब भाजपा भी अजमेर संभाग का किसान सम्मेलन व शक्ति केन्द्र संयोजकों की बैठक नागौर मुख्यालय पर कर रही है। इससे साफ है कि सरकार उनकी किसान हुंकार रैलियों से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि नागौर के किसान भाजपा के झांसे में नहीं आने वाले हैं।

कौनसा मुंह लेकर आएंगे
विधायक बेनीवाल ने कहा कि केन्द्र व राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद न तो बछड़ों के परिवहन पर लगी रोक हटवा पाए और न ही नागौर के सभी धर्मों की आस्था की प्रतीक तांगा दौड़ शुरू करवा पाए। किसानों किसी प्रकार की राहत दिए बिना अब वे किस मुंह से यहां आ रहे हैं।

Published on:
14 Sept 2018 09:54 pm