10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Crime: 20 करोड़ की एमडी फैक्ट्री का भंडाफोड़, बड़ी मात्रा में नकदी और मादक पदार्थ बरामद

नागौर में पुलिस ने एमडी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 389.15 ग्राम MD, 25 लीटर केमिकल, पिस्टल, नकदी और बड़ी मात्रा में MD बनाने का सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री में करीब 20 करोड़ रुपए की MD तैयार की जानी थी। फैक्ट्री तक पहुंचने की कड़ी 261 ग्राम MD के साथ पकड़े गए नाबालिग से मिली जानकारी से जुड़ी है।
2 min read
Google source verification

नागौर

image

Kamal Mishra

Aug 10, 2026

Nagaur Crime

Nagaur Crime: जानकारी देते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी (फोटो-पत्रिका)

नागौर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन संकल्प 'नशा मुक्त नागौर' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए MD बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 261 ग्राम एमडी के साथ एक किशोर को निरुद्ध किया। उससे मिली जानकारी के आधार पर दीप कॉलोनी में दबिश देकर अवैध एमडी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई। मौके से 389.15 ग्राम MD, करीब 25 लीटर केमिकल, प्रतिबंधित कैप्सूल, पिस्टल और नकदी सहित एमडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री में तैयार की जा रही एमडी की कीमत करीब 20 करोड़ रुपए आंकी गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने 10 अगस्त को मूंडवा चौराहा के पास एक बालक को पकड़ा। उसके कब्जे से 261 ग्राम अवैध MD बरामद हुई। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उससे पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस को MD की सप्लाई और इसे तैयार करने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसी सूचना के आधार पर टीम ने दीप कॉलोनी में दबिश देकर उस ठिकाने को चिह्नित किया, जहां MD तैयार की जा रही थी।

फैक्ट्री से MD और कच्चा माल बरामद

दीप कॉलोनी में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 389.15 ग्राम MD बरामद की। इसके अलावा MD तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला करीब 25 लीटर केमिकल और अलग-अलग केमिकल से भरी बोतलें भी मिलीं। पुलिस ने प्रतिबंधित कैप्सूल के 100 नग भी जब्त किए।

मौके से MD तैयार करने के लिए इस्तेमाल की जा रही कांच की ट्रे, जिसमें अर्द्धनिर्मित MD मिली, खाली प्लेटें, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, प्लास्टिक की थैलियां और पाउच सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इन सामानों के जरिए बड़ी मात्रा में MD तैयार कर उसकी सप्लाई की जानी थी।

पिस्टल और 1.80 लाख रुपए की नकदी भी मिली

फैक्ट्री से पुलिस को एक पिस्टल के साथ एक जिंदा कारतूस और तीन खाली खोल भी मिले। इसके अलावा MD की बिक्री से प्राप्त होने की आशंका वाली 1 लाख 80 हजार 500 रुपए की नकदी भी जब्त की गई है। पुलिस ने MD के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।

फैक्ट्री से एक युवक गिरफ्तार

फैक्ट्री से पुलिस ने महावीर पुत्र हनुमान (28) निवासी लूणसरा, थाना कुचेरा, हाल दीप कॉलोनी नागौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि MD बनाने के लिए कच्चा माल कहां से लाया जाता था और तैयार नशे की सप्लाई किन लोगों तक की जाती थी। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच रही है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन और कोतवाली थानाधिकारी नंदलाल रेणवा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम शामिल रही। मामले में आगे की जांच जारी है।