नागौर

ऐसा हुआ तो नागौर में बहुमंजिला इमारतें होंगी धराशायी

ऐसा हुआ तो नागौर में बहुमंजिला इमारतें होंगी धराशायी
2 min read
• •
Updated: 28 Jun 2018, 4:10 AM IST
Feature image

नागौर.

शहर के खसरा नम्बर 92 पर किए गए अतिक्रमण एवं नगर परिषद द्वारा दिए गए पट्टों को लेकर जिला जन अभाव अभियोग व सतर्कता समिति में चल रहे प्रकरण की जांच करने अजमेर भू-प्रबंध विभाग की टीम दो दिन से नागौर में डेरा डाले हुए हैं। मंगलवार को मौका देखने के बाद बुधवार को टीम के निरीक्षक कल्याण मीणा एवं स्थानीय राजस्व विभाग कर्मचारियों ने मशीनों से फिल्ड सर्वे शुरू किया। हालांकि बुधवार को पूरा सर्वे नहीं हो पाया, इसलिए गुरुवार को भी सर्वे की कार्रवाई जारी रहेगी।

ऐसा हुआ तो बहुमंजिला इमारतें होंगी धराशायी
राजस्व विभाग के सूत्रों का कहना है कि इस प्रकरण में यदि नियमानुसार कार्रवाई हुई तो अहिंसा सर्किल से रेलवे फाटक तक कई बहुमंजिला इमारतें धराशायी होंगी, क्योंकि उनका निर्माण हाइवे की जमीन पर किया गया है।

कलक्टर के समक्ष दर्ज हुई थी शिकायत

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खसरा नम्बर 92 हाइवे की जमीन है जो गहलोत गैस एजेंसी से गोगेलाव डेम तक स्थित है और इसकी कुल जमीन करीब 121 बीघा है। परिवादी मूलाराम चोटिया ने करीब दो साल पहले गहलोत गैस एजेंसी से बीकानेर रेलवे फाटक तक के रास्ते पर अतिक्रमण करने एवं नगर परिषद द्वारा गलत तरीके से पट्टे जारी करने की शिकायत कलक्टर के समक्ष दर्ज करवाई थी, जिसके बाद कलक्टर ने इस प्रकरण को जिला जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति में शामिल कर लिया। पिछले दो साल से इस प्रकरण की सुनवाई चल रही थी, लेकिन रास्ते की जमीन पर बिल्डिंग बनने के कारण राजस्व विभाग की टीम जरीब से नाप-चौक करने में असफल रही, जिसके बाद अजमेर से भू-प्रबंध विभाग की टीम को आधुनिक संसाधनों के साथ नागौर बुलाया गया है।

ये कर रहे हैं सर्वे
शिकायतकर्ता ने रेलवे फाटक के पूर्वी दिशा में किए गए अतिक्रमणों को लेकर ही शिकायत दर्ज करवाई है, ऐसे में अजमेर व नागौर की टीम संयुक्त रूप से फिल्ड सर्वे कर रही है। टीम में नागौर राजस्व विभाग से आरआई कैलाराम, पटवारी राकेश डूकिया, अन्नाराम लवाइच, ओमप्रकाश बेनीवाल, बजरंग लाल गौरा व बुधाराम जाजड़ा शामिल हैं।

Published on: