कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दबिश देकर 8 जनों को पकड़ा, तीन लेपटॉप, दो स्वीप मशीन, 23 एटीएम कार्ड, रसीद बुक एवं सैकड़ों फार्म जब्त
नागौर. कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय स्तर के ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह में देशभर के ठग शामिल हैं जो लोगों को मोबाइल पर फोन कर लक्की ड्रॉ खुलने का लालच देकर बुलाते हैं और विदेश में घूमाने के पर रुपए ऐंठते हैं। कोतवाली थानाधिकारी नंदराम भादू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पिछले तीन-चार दिन से नागौर की एक होटल में डेरा डालकर लोगों से ठगी करते गिरोह के आठ जनों को राउण्ड अप कर पूछताछ शुरू की है। पुलिस ने युवकों से तीन लेपटॉप, दो स्वीप मशीन, 23 एटीएम कार्ड, कुछ आधार कार्ड, दो रसीद बुक, सैकड़ों आवेदन पत्र, कम्पनी के ब्रॉशर आदि जब्त किए हैं। गिरोह के पकड़े जाने की सूचना मिलने पर नागौर वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश गौतम कोतवाली थाने पहुंचे तथा जानकारी ली।
ऐसे देते हैं ठगी को अंजाम
थानाधिकारी भादू ने बताया कि गिरोह के लोग ठगी को अंजाम देने के लिए एक महिला से किसी भी व्यक्ति के मोबाइल पर फोन करवाते हैं। दिल्ली में बैठी महिला मोबाइल नम्बर 9811989780 से फोन पर यह बताती है कि आपके लक्की ड्रॉ खुला है, दो दिन बाद आप अपने ही शहर में फलां होटल पहुंच जाएं और आवेदन भर दें, इसके बाद कम्पनी आपको विदेश घूमाने ले जाएगी। महिला की बातों में आकर कई लोग बताए गए ठिकाने पर पहुंच जाते हैं, जहां गिरोह के लोग कम्पनी का हवाला देकर उनसे आवेदन पत्र भरवाते हैं और हाथों-हाथ स्वीप मशीन में एटीएम कार्ड स्वीप करवाकर रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लेते हैं।
ऐसे आए पकड़ में
गिरोह के आठ लोग पिछले तीन-चार दिन से शहर की एक होटल में रूके हुए थे और नागौर के लोगों को पूर्व में दी गई सूचना के आधार पर बुला रहे थे। रविवार को नाकाबंदी के दौरान कोतवाल भादू को दो-तीन ऐसे लोग मिले जो जोधपुर रोड स्थित होटल लक्की ड्रॉ के चक्कर में गए। इस पर उन्हें शक हुआ। दोपहर बाद शहर के प्राइवेट डॉक्टर नरेन्द्र काला ने थाने में 2 लाख 20 हजार रुपए ठगी होने की जानकारी दी, जिस पर थानाधिकारी का शक पुख्ता हो गया और उन्होंने थाने के एएसआई रामेश्वरलाल सारस्वत, गोविन्द्रसिंह, कांस्टेबल रामलाल, रामअवतार, गणपतराम, नरेन्द्र, माधाराम, सूर्यप्रकाश, शेरसिंह एवं मुकेश की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने दबिश देकर आठों युवकों को राउण्डअप कर लिया तथा उनके कब्जे से सामान भी जब्त कर थाने ले आए।
रसीद बुक में लाखों का हिसाब
पुलिस द्वारा जब्त की गई एक रसीद बुक में युवकों द्वारा लोगों से वसूल किए गए करीब 18 से 19 लाख रुपए का हिसाब-किताब है। इसके साथ एक अन्य रसीद बुक में नागौर के डॉक्टर से लिए गए 2.20 लाख रुपए की रसीब काटी हुई है। युवकों के सात-आठ बैंक खाते भी मिले हैं, जिनकी जानकारी सोमवार को बैंक अधिकारियों से लेकर ब्लॉक करवाया जाएगा।
इनसे हो रही है पूछताछ
मोहम्मद इमरान आलम, मोहम्मद आमिर, प्रशांत गुप्ता, रजनीश पांडे, सूरज कुमार श्रीवास्तव, मोहन कुमार, रमेश कुमार एवं मोहन जैन से कोतवाली थाने में पूछताछ चल रही है। पुलिस ने देर रात तक युवकों की गिरफ्तारी नहीं दिखाई। थानाधिकारी ने बताया कि सभी से पूछताछ चल रही है।
पुलिस को दें सूचना
पुलिस ने अपील की है कि जिन लोगों को युवकों ने लक्की ड्रॉ खुलने की बात कहकर ठगी की या फोन किया, वे कोतवाली पुलिस में सूचना दें, ताकि गिरोह के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।