
खाई में गिरी कार। फोटो- पत्रिका
नागौर। खींवसर थाना पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रुपए के लेन-देन के विवाद में एक व्यक्ति की लोहे के सरिए से हत्या कर दी और घटना को सड़क हादसा साबित करने के लिए शव सहित कार को गहरे गड्ढे में गिरा दिया। पुलिस ने आरोपी पूनाराम जाट को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त लोहे का सरिया भी बरामद कर लिया है।
यह वीडियो भी देखें
जिला पुलिस अधीक्षक नागौर के निर्देशन में खींवसर थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, फील्ड इंटेलिजेंस और साक्ष्य संकलन के आधार पर इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार 25 जनवरी 2026 को मृतक घमंडाराम के पुत्र पन्नाराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसके पिता 24 जनवरी को कार लेकर पांचला सिद्धा आश्रम जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। बाद में उनकी कार सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में मिली और वाहन के अंदर शव बरामद हुआ।
शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन जांच के दौरान कुछ संदिग्ध तथ्य सामने आने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि आरोपी पूनाराम और मृतक घमंडाराम के बीच लंबे समय से रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी लगातार रुपयों की मांग से परेशान था और इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने घमंडाराम को पांचला सिद्धा स्थित अपनी दुकान पर बुलाया। वहां से वह उसे रात के समय खेत पर ले गया, जहां लोहे के सरिए से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने पूरे घटनाक्रम को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया। उसने शव को गाड़ी में डाला और डामर रोड के पास गहरे गड्ढे में वाहन गिरा दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है।
Published on:
20 May 2026 04:23 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
