
मोर्चरी में मौजूद मृतक के रिश्तेदार। फोटो- पत्रिका
आबूरोड। राजकीय रेलवे पुलिस ने दो दिन पहले स्थानीय रेलवे स्टेशन यार्ड में ट्रेन से कटे मिले युवक की शिनाख्त कर ली है। मृतक के परिजन आबूरोड पहुंचे, जहां उन्होंने मोर्चरी में जाकर शव की पहचान की। युवक घर से नई नौकरी के लिए साक्षात्कार देने जाने की बात कहकर निकला था। उसका विवाह महज सात दिन पहले उत्तर प्रदेश में हुआ था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर फैल गई।
मृतक के मामा डीसा निवासी जयंती भाई ने बताया कि भुज जिले के पदरा थाना क्षेत्र के कुकमा गांव निवासी 28 वर्षीय अजय प्रजापति का विवाह गत 11 मई को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में हुआ था। विवाह के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। अजय 15 मई को घर से यह कहकर निकला था कि वह नई नौकरी के लिए साक्षात्कार देने जा रहा है। वह निजी कंपनी में कार्य करता था और परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर हमेशा गंभीर रहता था।
उन्होंने बताया कि अजय परिवार के सभी लोगों का हौसला बढ़ाने वाला युवक था। उसके इस कदम की जानकारी मिलने के बाद परिवार को गहरा सदमा लगा है। परिजनों का कहना है कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि अजय ऐसा कदम उठा सकता है। उसकी पत्नी फिलहाल अपने पीहर में ही है और घटना की जानकारी मिलने के बाद वह भी सदमे में है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से एक 500 रुपए का नोट मिला, जिस पर “सॉरी मम्मी-पापा” लिखने के साथ प्रीति और प्रभु नाम भी लिखे हुए थे। जांच में सामने आया कि प्रीति उसकी पत्नी का नाम है, जबकि प्रभु उसका बड़ा भाई है। पुलिस इस नोट को मामले की जांच में महत्वपूर्ण मान रही है।
जीआरपी थानाधिकारी मनोज कुमार चौहान ने बताया कि मृतक की पहचान करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। प्रारंभिक स्तर पर युवक के पास कोई स्पष्ट पहचान पत्र नहीं मिला था। इसके बाद पुलिस ने नेशनल पुलिस ग्रुप (एनपीजी) की मदद ली। मृतक की फोटो ग्रुप में साझा की गई, जो गुजरात समेत कई राज्यों के विभिन्न पुलिस थानों तक पहुंची। इसके बाद परिजनों तक सूचना पहुंची और आखिरकार युवक की शिनाख्त हो सकी।
Updated on:
19 May 2026 03:25 pm
Published on:
19 May 2026 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
