
सिरोही का एक पेट्रोल पंप। फोटो- पत्रिका
सिरोही। घरेलू रसोई गैस के साथ अब जिले में डीजल की किल्लत भी नजर आने लगी है। सिरोही जिले के कई इलाकों में डीजल की आपूर्ति बाधित होने से वाहन चालकों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कृष्णगंज से अनादरा तक कई पेट्रोल पंपों पर डीजल नहीं मिलने से लोग परेशान हैं। पंप संचालक डीजल की कमी की बात कह रहे हैं, जबकि रसद विभाग के अधिकारी पूरे क्षेत्र में पर्याप्त आपूर्ति होने का दावा कर रहे हैं। ऐसे में आमजन के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
किसानों की शिकायत पर पत्रिका संवाददाता की ओर से क्षेत्र में पड़ताल की गई। इस दौरान कई पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं मिला। सनवाड़ा के पास स्थित दो पेट्रोल पंपों पर केवल पेट्रोल की बिक्री हो रही थी, जबकि डीजल पूरी तरह खत्म बताया गया। वहीं सिरोड़ी और गुलाबगंज के बीच स्थित एक पंप संचालक ने बताया कि आगे से डीजल की सप्लाई बाधित चल रही है, जिससे परेशानी बढ़ गई है।
अनादरा और गुलाबगंज के बीच स्थित आशापुरा पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को सीमित मात्रा में डीजल दिया जा रहा था। वहां एक ग्राहक को अधिकतम दो हजार रुपए तक का ही डीजल उपलब्ध कराया जा रहा था। इसके अलावा होलागरा स्थित जरगाजी फिलिंग स्टेशन पर स्थिति और भी गंभीर नजर आई। वहां मशीनों पर “पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं” का बोर्ड लगा हुआ था। जानकारी लेने पर पंप संचालक स्पष्ट जवाब देने से बचता नजर आया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डीजल के दामों में हालिया बढ़ोतरी के बाद से यह समस्या अधिक बढ़ी है। लोगों ने आशंका जताई है कि कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल का भंडारण किया जा रहा है, जिससे किसानों और ट्रांसपोर्ट चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अनादरा क्षेत्र में ट्रैक्टरों और खनन कार्य में लगे वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण यहां डीजल की मांग भी ज्यादा रहती है।
क्षेत्र में डीजल की कोई कमी नहीं है और सभी जगह पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कुछ पंपों पर आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिली है, जिसकी जांच करवाई जा रही है। साथ ही जरगाजी फिलिंग स्टेशन की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
18 May 2026 03:23 pm
Published on:
18 May 2026 03:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
