13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: 500 की नोट पर लिखा ‘सॉरी मम्मी-पापा’, रेलवे पटरी पर मिला युवक का शव, सिर धड़ से अलग

आबूरोड रेलवे स्टेशन यार्ड में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला है। बॉडी के पास से एक पेंट-शर्ट का टुकड़ा और पॉकेट से नकदी भी मिली है। शर्ट के टुकड़े पर और एक 500 के नोट पर ‘सॉरी मम्मी पापा’ लिखा हुआ है।

2 min read
Google source verification
sirohi rail accident

बरामद 500 की नोट (फोटो-पत्रिका)

सिरोही। जिले के आबूरोड रेलवे स्टेशन यार्ड में शनिवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति बेहद भयावह थी। युवक की गर्दन धड़ से अलग हो चुकी थी और शरीर के अन्य हिस्से भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त थे। घटनास्थल से कुछ ऐसे सुराग भी मिले हैं, जिन्होंने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस फिलहाल युवक की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8 बजे आबूरोड रेलवे स्टेशन के ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर ने रेलवे यार्ड में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को रेलवे की अप लाइन पर युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला।

बुरी तरह शव क्षतिग्रस्त

मौके पर जांच के दौरान सामने आया कि युवक का बायां हाथ गर्दन के पास पड़ा था, जबकि गर्दन धड़ से अलग होकर पटरी के अंदर की ओर मिली। शरीर का बाकी हिस्सा पटरी के बाहर पड़ा था। शव के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने से पुलिस को शुरुआती स्तर पर मृतक की पहचान करने में कठिनाई हो रही है।

'राम' नाम का लॉकेट मिला

हालांकि, घटनास्थल से एक पॉलिथीन बरामद हुई, जिसमें नया बिना सिला पेंट-शर्ट का कपड़ा, करीब 8,500 रुपए नकद और 'राम' नाम का लॉकेट लगी पीली धातु की आर्टिफिशियल चेन मिली। इसके अलावा शव के पास एक शर्ट के कपड़े का टुकड़ा भी मिला, जिस पर हिंदी में ‘सॉरी मम्मी पापा’ लिखा था। इतना ही नहीं, बरामद नकदी में से 500 रुपए के एक नोट पर अंग्रेजी में ‘Sorry Mummy Papa’ लिखा हुआ पाया गया।

आत्महत्या का लग रहा मामला

इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, लेकिन अभी सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। मृतक की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। उसकी लंबाई लगभग 5 फीट 9 इंच, रंग गेहूंआ और शरीर दुबला-पतला था। युवक ने काले रंग की फुल आस्तीन शर्ट, ग्रे जींस और ग्रे-सफेद रंग के क्रॉक्स पहन रखे थे।

शिनाख्त में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को पहचान के लिए आबूरोड उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मृतक के परिजनों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित हो सके।