14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस एक क्लिक में पढ़ें सिरोही की 5 बड़ी खबरें: 41.2 डिग्री पहुंचा पारा, नौनिहालों के लिए राहतभरी खबर

राजस्थान के सिरोही जिले में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है और पारा 41.2 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, नौनिहालों के लिए राहतभरी खबर भी सामने आई है। जिले की 5 बड़ी खबरों में मौसम, शिक्षा, प्रशासन और आमजन से जुड़ी अहम अपडेट्स एक क्लिक में पढ़ें।

3 min read
Google source verification
Sirohi News Today

सिरोही में 41.2 डिग्री पहुंचा पारा, नौनिहालों के लिए राहतभरी खबर (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Sirohi Top 5 News: सिरोही में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस पर रहने से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा। तेज धूप और गर्म हवा के कारण सुबह से ही वातावरण में तपिश महसूस होने लगी। दोपहर होते-होते शहर की सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही।

तीव्र लू के थपेड़ों ने राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी। खुले स्थानों पर कुछ देर रुकना भी मुश्किल हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग पेड़ों और छायादार स्थानों का सहारा लेते नजर आए।

नौनिहालों के लिए राहतभरी खबर

आंगनबाड़ी केन्द्रों में अब बच्चों और महिलाओं को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। महिला एवं बाल विकास के विभागीय भवनों में संचालित केन्द्रों पर विद्युत मोटर के जरिए भूतल की टंकी से छत पर स्थापित टंकी तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

इसके बाद छत की टंकी से शौचालय, वॉश बेसिन, आरओ और रसोईघर तक पाइपलाइन डालकर तीन नल लगाए जाएंगे। इससे पेयजल समस्या से जूझ रहे आंगनबाड़ी के बच्चों को राहत मिलेगी।

इस योजना के तहत सिरोही जिले के 131 आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए कुल 22.27 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। प्रत्येक केंद्र को 17 हजार रुपए की दर से राशि आवंटित की गई है। यह कार्य उन्हीं केन्द्रों पर किया जाएगा, जहां वर्तमान में पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। विभाग ने इसकी टेंडर प्रकिया शुरू कर दी है।

तीन नल की सुविधा

प्रत्येक केन्द्र पर 300 से 500 लीटर क्षमता वाली टंकी भूतल और छत पर लगाई जाएगी। विद्युत मोटर से पानी ऊपर पहुंचाया जाएगा और वहां से पाइपलाइन के जरिए शौचालय, वॉश बेसिन, आरओ तथा रसोईघर तक पानी उपलब्ध होगा। इस व्यवस्था से बच्चों को स्वच्छ पानी पीने और साफ-सफाई की सुविधा मिलेगी। कार्य की निगरानी सीधे निदेशालय स्तर से होगी।

नक्की झील परिक्रमा मार्ग पर नजर आए भालू

पर्यटन स्थल माउंट आबू में घूमने आए सैलानियों को मंगलवार रात रोमांचक अनुभव देखने को मिला। नक्की झील परिक्रमा मार्ग पर दो भालू नजर आने से पर्यटकों में उत्सुकता छा गई और लोगों ने उनके वीडियो व तस्वीरें कैमरे में कैद किए।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र से आए विलास पाटिल और उनके साथी अनादरा व्यू प्वाइंट से सूर्यास्त दर्शन कर लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे वे नक्की झील परिक्रमा मार्ग पर मोहनलाल सुखाड़िया गार्डन और सेवन वंडर पार्क के पास पहुंचे, तभी सड़क के बीच दो भालू चहलकदमी करते दिखाई दिए।

भालुओं के पीछे कुछ दूरी पर अन्य लोग भी आ रहे थे। लोगों की आहट मिलने पर दोनों भालू सड़क छोड़कर मिनिस्टर कॉटेज की ओर मुड़ गए और सड़क किनारे जाली के पीछे झाड़ियों में खजूर के पेड़ के पास जाकर बैठ गए। वहां दोनों काफी देर तक आपस में अठखेलियां करते रहे। इस दौरान राहगीरों और पर्यटकों ने सुरक्षित दूरी से भालुओं की गतिविधियों को कैमरे में कैद किया।

पिता-पुत्र की मौत पत्नी व मासूम घायल

सिरोही जिले के रेवदर उपखंड क्षेत्र में बुधवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और मासूम पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राजगढ़ के पास नेशनल हाइवे स्थित असावा मोड़ पर हुआ। यहां गैस टैंकर ने बाइक सवार को कुचल दिया।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार असावा क्षेत्र निवासी कोली समाज के परिवार के लोग जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे गैस टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार जयंतीलाल और उनके 3 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में मृतक की पत्नी तथा करीब 7 महीने का मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए रेवदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद हाइवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन

आरजीएचएस योजना में सुधार और पेंशनभोगियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बुधवार को जुलूस निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। यह कार्यक्रम राजस्थान पेंशन समाज जयपुर के आह्वान पर आयोजित किया गया।

जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में जिला मुख्यालय सहित आबूरोड, पिण्डवाड़ा, शिवगंज और रेवदर उपशाखाओं से बड़ी संख्या में पेंशनर्स शामिल हुए। पेंशन समाज कार्यालय से जुलूस के रूप में कलेक्ट्री पहुंचे। पेंशनर्स ने 'चिकित्सा सेवा में सुधार करो', 'आरजीएचएस योजना बंद नहीं होने देंगे' और 'पेंशनर्स एकता जिंदाबाद' जैसे नारे लगाए। इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि सरकार पेंशनभोगियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गई तो पेंशन समाज आंदोलन करेगा।