नागौर

Nagaur patrika…सालों से कचरे में घुटता नागौर, अब 15 दिन में सफाई का दावा

नागौर. स्वच्छता मिशन के ब्रांड एम्बेसडर के. के. गुप्ता के नागौर आगमन और 15 दिन बाद फिर से निरीक्षण की सूचना मिलते ही नगरपरिषद में अचानक हलचल तेज हो गई है। बैठकों का दौर चल रहा है, योजनाओं की चर्चा हो रही है, और दावा किया जा रहा है कि शहर के अधिकांश हिस्सों को […]

3 min read
Mar 06, 2026


नागौर. स्वच्छता मिशन के ब्रांड एम्बेसडर के. के. गुप्ता के नागौर आगमन और 15 दिन बाद फिर से निरीक्षण की सूचना मिलते ही नगरपरिषद में अचानक हलचल तेज हो गई है। बैठकों का दौर चल रहा है, योजनाओं की चर्चा हो रही है, और दावा किया जा रहा है कि शहर के अधिकांश हिस्सों को साफ कर दिया गया है। लेकिन शहर की गलियों और सडक़ों पर नजर डालें तो हकीकत बिल्कुल अलग तस्वीर दिखाती है। जगह-जगह कचरे के ढेर, सड़ती गंदगी और उठती दुर्गंध यह बताने के लिए काफी हैं कि वर्षों से सफाई व्यवस्था किस हाल में रही है।
दावों की पड़ताल में सामने आई बदहाली
नगरपरिषद के दावों की सच्चाई जानने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया गया तो कई जगह हालात बेहद चिंताजनक मिले। सडक़ों के किनारे कचरे के अंबार पड़े थे, कहीं पॉलिथीन और प्लास्टिक बिखरा था तो कहीं सड़ता कचरा खुले में पड़ा मिला। कई स्थान ऐसे भी दिखाई दिए जहां लंबे समय से सफाई ही नहीं हुई। इसके उलट नगरपरिषद रंगोली बनवाकर और औपचारिक गतिविधियों के जरिए सफाई का माहौल दिखाने में जुटी नजर आई।
प्रमुख मार्गों पर कचरे के ढेर
शहर के सुगनसिंह सर्किल से इंदिरा कॉलोनी और एफसीआई गोदाम जाने वाले रास्तों पर कई जगह सडक़ किनारे कचरा बिखरा मिला। इसी मार्ग से तेजाजी कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते पर भी हालात अलग नहीं थे। पॉलिथीन, प्लास्टिक और सड़ी सामग्री के ढेर यह बताते नजर आए कि इन मार्गों पर लंबे समय से नियमित सफाई नहीं हुई। इसी रास्ते से सोनीबाड़ी क्षेत्र में प्रवेश करने पर जगह-जगह कचरा और पॉलिथीन बिखरी मिली। संत बलरामदास और सलेऊ रोड जाने वाले मार्ग पर तो कई स्थानों पर गंदगी के अंबार पड़े थे। नगरपरिषद के साफ-सफाई के दावों के बीच यह दृश्य शहर की वास्तविक स्थिति को उजागर कर रहे थे।
आर्य समाज क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी
आर्य समाज के पास पहुंचे तो हालात और भी खराब नजर आए। यहां सार्वजनिक मार्गों पर ही कचरा फैला हुआ था और आसपास बदबू का माहौल बना हुआ था। स्थिति देखकर साफ लग रहा था कि इस क्षेत्र में लंबे समय से प्रभावी सफाई नहीं हुई। अहमद अली बाबा दरगाह के पास भी गंदगी खुलेआम सडक़ पर बिखरी मिली। कचरे के ढेर और आसपास फैली दुर्गंध साफ बता रही थी कि शहर के कई हिस्सों में सफाई व्यवस्था अब भी बदहाल है और लोग इसी माहौल में रहने को मजबूर हैं।
केस नंबर 1: कंकडिय़ा की ओर जाने वाला रास्ता
कंकरिय़ा विद्यालय की ओर जाने वाले रास्ते पर सडक़ किनारे कचरे के ढेर पड़े मिले। प्लास्टिक, सूखा कचरा और सड़ी सामग्री जगह-जगह फैली थी। आसपास से गुजरने वाले लोगों को इसी गंदगी और बदबू के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जो नगरपरिषद के दावों पर सीधा सवाल खड़ा करता है।
केस नंबर 2: सोनीबाड़ी का रास्ता
सोनीबाड़ी क्षेत्र में प्रवेश करते ही सडक़ किनारे पड़ी पॉलिथीन और कचरे के ढेर साफ दिखाई देते हैं। कई स्थानों पर कचरा लंबे समय से जमा नजर आया, जिससे स्पष्ट है कि यहां नियमित सफाई नहीं हो रही।
केस नंबर 3: आर्य समाज क्षेत्र
आर्य समाज के पास सडक़ किनारे गंदगी और कचरे के ढेर पड़े मिले। आसपास से गुजरने वाले लोगों को बदबू का सामना करना पड़ रहा है, जबकि यह इलाका शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है।

15 दिन में सफाई का दावा, जिम्मेदार फेल
नगरपरिषद अब 15 दिन में शहर को साफ करने का दावा कर रहा है। लेकिन शहर के कई क्षेत्रों में फैली गंदगी यह सवाल खड़ा कर रही है कि अगर सफाई इतनी जल्दी संभव है तो फिर वर्षों से यह स्थिति क्यों बनी रही। निरीक्षण की आहट के बाद अचानक दिखाई दे रही सक्रियता को लेकर शहर में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि यह अभियान वास्तव में स्थायी होगा या फिर निरीक्षण तक ही सीमित रह जाएगा। यही नहीं, बल्कि इसी क्रम में ही नगरपरिषद में हुई बैठक में अस्थाई कचरा पॉइंट हटाने के बाद वहां रंगोली बनाकर स्वच्छता का संदेश देने का सुझाव सामने आया। इसके बाद आयुक्त के निर्देश पर 5 मार्च को अधिकारियों, स्वच्छता निरीक्षकों, कर्मचारियों और ठेकेदारों के साथ दिल्ली दरवाजा व माही दरवाजा सर्किल के वार्डों में कचरा हटाने और रंगोली बनवाने के निर्देश दिए गए। खाई गली और हनुमान बाग क्षेत्र में विद्यालय की छात्राओं के सहयोग से रंगोली बनाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। हालांकि शहर के कई इलाकों में गंदगी और कचरे के ढेर अब भी मौजूद हैं, ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था बदहाल है तो बैठकों और कागजी निर्देशों के सहारे ही सफाई का दावा क्यों किया जा रहा है।

Published on:
06 Mar 2026 10:13 pm
Also Read
View All

अगली खबर