29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नागौर में 9 करोड़ का नशा सीमेंट फेक्टरी की भट्टी में स्वाहा, 5 टन डोडा पोस्त समेत 41 केसों का एक साथ निस्तारण

13 थानों के 41 मामलों का एक साथ निस्तारण, मूण्डवा की सीमेंट फैक्ट्री में पर्यावरण अनुकूल प्रक्रिया अपनाई

2 min read
Google source verification
सीमेंट फेक्टरी की भट्टी में डालकर किया नष्ट

सीमेंट फेक्टरी की भट्टी में डालकर किया नष्ट

नागौर. जिले में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार को लगभग 9 करोड़ रुपए कीमत के मादक पदार्थों को मूण्डवा की सीमेंट फेक्टरी की भट्टी में डालकर नष्ट कर दिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए इन नशीले पदार्थों का निस्तारण सीमेंट फैक्ट्री में वैज्ञानिक और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिला स्तरीय औषधि व्यसन समिति की निगरानी में हुई। समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के नेतृत्व में 13 पुलिस थानों में दर्ज कुल 41 प्रकरणों से जब्त मालखाना आइटम्स को एक साथ नष्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों का निस्तारण तय प्रोटोकॉल के तहत किया गया, जिसमें सुरक्षा, पारदर्शिता और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई, ताकि रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।

समिति के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में फैक्टरी परिसर में विशेष भट्टी के माध्यम से इन पदार्थों को नष्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह का निस्तारण इसलिए जरूरी होता है, ताकि जब्त नशीले पदार्थ दोबारा अवैध बाजार में न पहुंच सकें। पुलिस अधीक्षक मीना ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे से जुड़े किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

जानिए, कौनसा नशा कितनी मात्रा में किया नष्ट

डोडा पोस्त: 5124.165 किलोग्राम

गांजा: 592 ग्राम

एमडीएमए: 889.357 ग्राम

स्मैक: 139.17 ग्राम

अफीम के पौधे: 8.94 किलोग्राम

पुलिस का सिरदर्द हुआ कम

जिले के 13 पुलिस थानों की ओर से की गई विभिन्न कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई डोडा-पोस्त सहित अन्य नशीली सामग्री का भंडारण पुलिस के लिए सिरदर्द से कम नहीं थी। मालखाना में भंडारण के दौरान चोरी व गायब होने का डर भी रहता है। पूर्व में कोतवाली सहित कुछ थानों के मालखानों से नशे की सामग्री चोरी भी हो चुकी है, जिसका आज तक खुलासा नहीं हो पाया। ऐसे में बुधवार को बड़ी मात्रा में नशे की सामग्री का निस्तारण होने से थानाधिकारियों राहत की सांस ली।

बड़ी तस्वीर: क्यों जरूरी है ऐसा निस्तारण

- जब्त नशे के दोबारा बाजार में आने का खतरा खत्म

- पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता

- पर्यावरण को नुकसान से बचाव

- नशे के खिलाफ सख्त संदेश

ये रहे मौजूद

नशे की सामग्री का निस्तारण करने के दौरान मौके पर एसपी रोशन मीना, एएसपी आशाराम चौधरी, अपराध सहायक मनोज माचरा, सहायक पुलिस अधीक्षक जतिन जैन, प्रशिक्षु आईपीएस अदिति उपाध्याय सहित मूण्डवा थानाधिकारी सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।