एक गांव में एक युवती प्रेमी के साथ घर से चली गई। परिजनों की ओर से एफआईआर दर्ज कराने पर गोटन थाना पुलिस की टीम ने कई घंटों की कोशिश के बाद युवती को ढूंढा।
नागौर। बदलते समय के साथ ग्रामीण क्षेत्र में सोशल मीडिया ने युवाओं को खासा प्रभावित किया है। हाल ही गोटन थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती प्रेमी के साथ घर से चली गई। परिजनों की ओर से एफआईआर दर्ज कराने पर गोटन थाना पुलिस की टीम ने कई घंटों की कोशिश के बाद युवती को ढूंढा, लेकिन युवती ने परिजनों को पहचानने से इंकार कर प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। इस घटना से युवती का भाई बेहोश हो गया और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग समाज के लिए खतरा बन गया है। सांसद हनुमान बेनीवाल और विधायक भैराराम सियोल ने भी सरकार से बालिग बच्चों की शादी में माता-पिता की सहमति अनिवार्य करने का कानून बनाने की मांग की है।
इस संबंध में एसएसपी नूर मोहम्मद ने कहा कि माता-पिता को बच्चों पर नजर रखनी चाहिए और उन्हें समय देना चाहिए। हाजी मोहम्मद अजीज का कहना है कि घर और परिवार की व्यवस्था सुधरने से ही समाज में सुधार संभव है। सोशल मीडिया के चलते परिवार एवं संस्कृति पर गंभीर प्रभाव पड़ रहे हैं।