
नागौर. सावन के पहले सोमवार को नागौर पूरी तरह शिवमय नजर आया। सुबह से ही शहर और आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी। हर-हर महादेव के जयघोष, मंदिरों में गूंजती घंटियों की ध्वनि और शिव भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। इस बार सावन के पहले सोमवार पर हंस महापुरुष योग, सुकर्मा योग सहित कई शुभ संयोग बनने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लग गईं और दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, शिवलिंग का अभिषेक तथा व्रत रखने का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचे। कई श्रद्धालु हाथों में दूध, जल, पुष्प, बेलपत्र और पूजा सामग्री लेकर मंदिरों की ओर जाते दिखाई दिए तो कई परिवार सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना करते नजर आए।
प्रमुख शिवालयों में दिन-भर चलता रहा दर्शन-पूजन
शहर के शिवबाड़ी स्थित शानेश्वर महादेव मंदिर, तुलसी चौक स्थित महादेव मंदिर, मानासर स्थित वेदनाथ महादेव मंदिर, प्रतापसागर तालाब स्थित जबरेश्वर महादेव मंदिर, बड़लेश्वर महादेव मंदिर, इंदिरा कॉलोनी स्थित शिव-हनुमान-गणेश मंदिर तथा नया दरवाजा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर समितियों की ओर से दर्शन व्यवस्था संभाली गई। कई स्थानों पर रुद्राभिषेक, शिव चालीसा एवं भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ।
मांझवास के पशुपतिनाथ मंदिर में भरा विशाल मेला
https://www.dailymotion.com/video/xauj9li
निकटवर्ती गांव मांझवास स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में भी श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर विशाल मेले का आयोजन हुआ। आश्रम के महंत योगी स्वरूप नाथ महाराज ने बताया कि मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक, महाआरती एवं विद्वान पंडितों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। मेले में नागौर शहर के अलावा अमरपुरा, भदाणा, खेराट, डैह, जटेरा, मालगांव, गुड़ला सहित अनेक गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजनों और दर्शनार्थियों की आवाजाही बनी रही।
आस्था के रंग में रंगा पूरा शहर
सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। महिलाओं ने सामूहिक रूप से अभिषेक किया तो युवाओं ने पूजा-अर्चना में बढ़-चढकऱ भाग लिया। मंदिरों को फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। दिनभर शहर का धार्मिक माहौल श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा तथा हर शिवालय में गूंजते हर-हर महादेव के जयघोष सावन के पहले सोमवार की आस्था को जीवंत करते रहे।