
Sewage water accumulated in a vacant plot in the colony
वार्ड 60 में आधा किलोमीटर तक फैला गंदा पानी, 6 मोटरें बंद होने से बिगड़े हालात, 10 बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
नागौर. शहर के बीकानेर रोड स्थित रामनगर कॉलोनी में सीवरेज चैंबरों से शहर का गंदा पानी बाहर निकलकर पूरे क्षेत्र में फैल रहा है। हालात इतने खराब हैं कि करीब आधा किलोमीटर क्षेत्र में सीवरेज का पानी जमा हो गया है, और कॉलोनी के करीब 20 घरों में गंदा पानी घुस चुका है। सडक़ों से लेकर खाली भूखंडों तक पानी फैलने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। गंदे पानी से उठ रही तेज बदबू के कारण रहवासियों का रहना दूभर हो रहा है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने की वजह से स्थिति और ज्यादा बिगडऩे लगी है।
6 महीने से बनी हुई है समस्या, चैंबर हो रहे ओवरफ्लो
रामनगर कॉलोनी में रविवार को पहुंचे तो कॉलोनी एरिया के काफी बड़े भूभाग पर सीवरेज का गंदा पानी फैला हुआ मिला। रामनगर कॉलोनी के बाशिंदों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले करीब 6 महीने से सीवरेज के गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। शहर का गंदा पानी हाउसिंग बोर्ड की ओर से सीवरेज लाइन के जरिए आता है। निकासी बाधित होने और पंपिंग व्यवस्था बंद रहने से चैंबर भरकर ओवरफ्लो हो रहे हैं। इसके चलते गंदा पानी वापस कॉलोनी की ओर फैल रहा है। जगह-जगह जमा पानी में गंदगी और बदबू से लोगों को परेशानी हो रही है। कॉलोनी के आसपास खाली भूखंडों में भी पानी जमा होने से मच्छर पनपने और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
हाउसिंग बोर्ड की 6 मोटरें बंद, निकासी व्यवस्था ठप
पड़ताल में हाउसिंग बोर्ड से बीकानेर रोड तक सीवरेज के चैंबरों की स्थिति देखी गई। जांच के दौरान हाउसिंग बोर्ड स्थित प्लांट पर सीवरेज पंपिंग की 6 मोटरें बंद मिलीं। मोटरें 24 घंटे चालू रहने पर सीवरेज का पानी आगे निकलता है, लेकिन इनके बंद रहने से पानी बैक मारकर रामनगर कॉलोनी में फैल रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर परिषद को इस समस्या के संबंध में कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। मोटरें चालू करवाने और सीवरेज लाइन की सफाई करवाने की जरूरत है, ताकि कॉलोनी में जमा गंदे पानी की निकासी हो सके।
क्या कहते हैं पार्षद
रामनगर कॉलोनी में सीवरेज का पानी आधा किलोमीटर तक फैला हुआ है। सुमित्रा जी के घर सहित करीब 20 घरों में पानी भरा है। हाउसिंग बोर्ड का पूरा पानी इसी लाइन से आता है। नगर परिषद को 10 बार पत्र दे चुके हैं। मोटरें 24 घंटे चालू रहनी चाहिए, लेकिन 6 की 6 बंद पड़ी हैं।
गोविंद, कड़वा, पार्षद वार्ड 60
घर में घुसा गंदा पानी, बच्चों के बीमार होने का डर
रामनगर कॉलोनी में चैंबर पूरी तरह भर गए हैं और पाइप जाम हैं। पानी पूरे मोहल्ले में फैल गया है। बीकानेर रोड पर हॉस्पिटल की तरफ के सारे चैंबर खुले हैं और ओवरफ्लो हो रहे हैं। सुबह से घरों में पानी घुस रहा है। बच्चों के बीमार होने का डर बना हुआ है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
सुमित्रा, गृहणी, रामनगर कॉलोनी
Updated on:
2 Nov 2026, 9:32 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 9:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.