
नागौर. नगरनिकाय आम चुनाव 2026 के प्रथम चरण के तहत आज (बुधवार, 9 सितम्बर) जिले के पांच नगरीय निकायों में मतदान हो रहा है। नगर परिषद नागौर सहित नगरपालिका मूण्डवा, कुचेरा, जायल और बासनी में सुबह 7 बजे से मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। पांचों निकायों के 173 वार्डों में 1 लाख 65 हजार 20 मतदाता हैं, जो मतदान कर सकेंगे। जिले में सुबह दस बजे तक करीब 28 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें सबसे अधिक बासनी नगर पालिका में 30.17 फीसदी तथा सबसे कम नगर पालिका जायल में 24.36 प्रतिशत मतदान हुआ।
नागौर शहर में सुबह-सुबह मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखा गया। लगभग सभी मतदान केन्द्रों पर लम्बी कतारें देखी गई। महिलाओं मतदाताओं में पुरुषों से ज्यादा उत्साह था। मतदान प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान केन्द्रों पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है तथा शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। शहर के वार्ड 29 में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिर्धा ने भी मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिले में सुबह 10 बजे तक औसतन करीब 28 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक मतदान बासनी नगरपालिका में 30.17 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम मतदान जायल नगरपालिका में 24.36 प्रतिशत रहा। नगर परिषद नागौर में 29.70 प्रतिशत, मूण्डवा में 25.62 प्रतिशत तथा कुचेरा में 29.58 प्रतिशत मतदान हुआ।
173 वार्डों में हो रहा मतदान
जिले के पांच नगर निकायों में कुल 173 वार्डों में मतदान होना है। इन वार्डों के लिए कुल 605 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पांचों निकायों में कुल 229 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। कुल 1 लाख 65 हजार 20 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें नगर परिषद नागौर के 60 वार्डों में 241 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं और यहां 114 मतदान केन्द्रों पर 89,570 मतदाता मतदान करेंगे।
मूण्डवा नगरपालिका के 25 वार्डों में 60 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां 25 मतदान केन्द्रों पर 15,232 मतदाता वोट डालेंगे। जायल नगरपालिका के 25 वार्डों में 83 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं और 25 मतदान केन्द्रों पर 13,636 मतदाता हैं। कुचेरा नगरपालिका के 25 वार्डों में 78 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां 25 मतदान केन्द्रों पर 18,024 मतदाता मतदान करेंगे। वहीं बासनी नगरपालिका के 40 वार्डों में 143 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बासनी में 40 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 30,296 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
दो वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन
नगरपालिका मूण्डवा के वार्ड 11 तथा नगरपालिका बासनी के वार्ड 38 में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। इसके चलते इन वार्डों में मतदान नहीं होगा। शेष वार्डों में मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। सुबह के शुरुआती घंटों में मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की भीड़ को देखते हुए माना जा रहा है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी होगी। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से मतदाताओं से निर्भीक होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की गई है।
संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर व्यवस्था चाक चौबंद
जिला निर्वाचन विभाग ने प्रथम चरण में होने वाले चुनाव को लेकर 229 बूथों में से 48 लोकेशन को अति संवेदनशील घोषित किया है। इसमें नागौर 24, मूण्डवा के 5, कुचेरा के 5, बासनी के 9 व जायल के 5 मतदान केन्द्र लोकेशन अतिसंवेदनशील हैं। नागौर नगर परिषद के वार्ड संख्या 1, 6, 7, 8, 10, 20, 22, 23, 25, 26, 29, 30, 31, 32, 33, 40, 43, 45, 50, 49, 54, 60 को अति संवेदनशील तथा वार्ड संख्या 15, 18, 35, 36, 37, 41, 42, 47 व 55 के मतदान केन्द्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा है। जिले में मतदान शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से 1600 से अधिक पुलिसकर्मियों का जाब्ता तैनात किया गया है। इसके साथ मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं।
ये दस्तावेज दिखाकर कर सकेंगे मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं की सुविधा और पहचान के लिए मतदान के लिए प्रत्येक मतदाता को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता इसे प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है, तो आयोग के निर्देशानुसार 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों यथा - आधार कार्ड, विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) /मनरेगा कार्ड, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सरकारी/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से जारी सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों को जारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड में से कोई भी एक मूल दस्तावेज दिखाकर मतदान कर सकेगा। यह सभी दस्तावेज चुनाव घोषणा से पूर्व के होने चाहिए।