नागौर

Nagaur news…मुख्य लाइन में लीकेज, हर रोज बह रहा सैकड़ों लीटर पानी

भीषण गर्मी के दौर में जहां एक ओर पूरा शहर पानी की किल्लत से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के कई हिस्सों में मुख्य पेयजल लाइन में लीकेज के कारण हर रोज सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है।

2 min read
May 04, 2026


नागौर. बीकानेर रोड स्थित रीको पार्क के पास दो स्थानों पर लंबे समय से लीकेज बने हुए हैं, जिनसे लगातार पानी बह रहा है। रीको पार्क क्षेत्र में बने इन लीकेजों की वजह से न केवल पानी की बर्बादी हो रही है, बल्कि आसपास के क्षेत्र में जलभराव जैसी स्थिति भी बनने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। गर्मी के इस समय में जहां एक-एक बूंद पानी की कीमत बढ़ जाती है, वहां इस तरह का नुकसान लोगों को खल रहा है।

एक ओर पानी की किल्लत, दूसरी तरह व्यर्थ बह रहा
स्थिति यह है कि जिस पानी के लिए कई मोहल्लों में लोग तरस रहे हैं, वही पानी सडक़ों पर बहकर नालियों में जा रहा है। इससे जलदाय विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि समय रहते इन लीकेजों को ठीक कर दिया जाए, तो बड़ी मात्रा में पानी की बचत संभव है और जल संकट को कुछ हद तक कम किया जा सकता है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। क्षेत्र के निवासी रमेश चौधरी, महेंद्र सिंह, इरफान खान, सुरेश कुमावत, पवन वैष्णव और राजेश मीणा का कहना है कि विभाग के अधिकारी केवल कागजी दावे कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। लोगों ने जल्द से जल्द लीकेज ठीक कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत नहीं मिली…
लीकेज की कोई शिकायत या जानकारी नहीं मिली है। फिर भी इसकी जांच कराकर उसे दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सत्यनारायण बरोड़, सहायक अभियंता जलदाय विभाग
प्रतिभागियों को किया सम्मानित
नागौर. शहर के जयमल जैन पौषधशाला में रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें 15 से 19 अप्रेल तक आयोजित आध्यात्मिक ज्ञान ध्यान संस्कार शिविर में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जयमल जैन पाठशाला, जोधपुर की ओर से सामायिक प्रतिक्रमण सूत्र पर आयोजित खुली किताब प्रतियोगिता के नागौर जिले के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस प्रतियोगिता में 17 प्रतिभागियों ने शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि नागौर की नीलम कांकरिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में देशभर से 1100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन संजय पींचा ने किया। शिविर पुरस्कार के लाभार्थी जेपीपी जैन महिला फाउंडेशन रहे, जबकि खुली किताब प्रतियोगिता के पुरस्कार ख़म्मादेवी मुणोत परिवार की ओर से प्रदान किए गए। इस दौरान पुष्पा ललवानी, रीटा ललवानी, मीनू जैन को शिविर में योगदान के लिए व पूजा चौरडिया, जागृति चौरडिया और दीक्षा चौरडिया को पाठशाला में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

Published on:
04 May 2026 12:23 pm
Also Read
View All