नागौर

नागौर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, आबकारी विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

नागौर पुलिस का अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान, छह थानों की 9 जगह कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार, 847 पव्वे देशी शराब, 73 पव्वे अंग्रेजी शराब और 92 बीयर बोतलें जब्त

3 min read
Jun 11, 2026
नागौर पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब
नागौर पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब

नागौर. जिले में अवैध शराब के खिलाफ नागौर पुलिस की लगातार कार्रवाई ने आबकारी विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर आबकारी विभाग का मुख्य दायित्व अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाना है, वहीं दूसरी ओर हालात यह हैं कि अवैध शराब के अधिकांश मामले पुलिस की कार्रवाई में सामने आ रहे हैं। ताजा अभियान में नागौर पुलिस ने एक ही दिन में 9 प्रकरण दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। इससे साफ है कि जिले में अवैध शराब का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है।

जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए नागौर पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में सात पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर आबकारी अधिनियम के तहत 9 प्रकरण दर्ज किए तथा 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान कुल 847 पव्वे अवैध देशी शराब, 73 पव्वे अंग्रेजी शराब, 92 बीयर बोतलें तथा 2 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस के अनुसार अभियान के लिए डीएसटी टीम के साथ सदर, गोटन, जसनगर, खाटूबड़ी, जायल और सुरपालिया थाना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। नागौर वृत्ताधिकारी जतिन जैन के नेतृत्व में गठित टीमों ने 10 जून को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई को अंजाम दिया। सदर थाना पुलिस ने झाड़ीसरा निवासी महेंद्रसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 128 पव्वे अवैध देशी शराब और 8 बीयर बोतलें बरामद कीं। गोटन थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में हरसोलाव निवासी कुनाराम मेघवाल और गंठिया निवासी रामअवतार बावरी को गिरफ्तार कर क्रमशः 55 और 60 पव्वे अवैध देशी शराब जब्त की। वहीं जसनगर थाना क्षेत्र में बाबूलाल कुमावत के कब्जे से 52 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई। खाटूबड़ी थाना पुलिस ने 144 पव्वे अवैध देशी शराब जब्त की। जायल थाना पुलिस ने दुगस्ताऊ निवासी दिनेश को गिरफ्तार कर 48 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की। सुरपालिया थाना पुलिस ने झटेरा निवासी अमरसिंह को गिरफ्तार कर 138 पव्वे अवैध देशी शराब जब्त की। इसके अलावा सुरपालिया क्षेत्र में दो अन्य कार्रवाइयों के दौरान 222 पव्वे अवैध देशी शराब, 73 पव्वे अंग्रेजी शराब, 84 बीयर बोतलें तथा 2 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की गईं।

इससे पहले गत 6 जून को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले में कार्रवाई करते हुए कुल 2688 पव्वे अवैध शराब, 284 बीयर बोतलें और 97 बीयर कैन बरामद किए गए थे। पुलिस ने अवैध शराब बिक्री को लेकर सात प्रकरण दर्ज किए थे।

एएसपी आशाराम चौधरी ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी का केवल राजस्व वसूली पर ध्यान, जिले में बिक रही अवैध शराब पर मूंदी आंखें

जानकारों का कहना है कि आबकारी विभाग का पूरा फोकस राजस्व संग्रहण पर ही है, जबकि अवैध शराब के खिलाफ जमीनी स्तर पर पिछले लम्बे समय से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही। जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिसको लेकर आए दिन झगड़े भी हो रहे हैं। गत दिनों शहर के मूण्डवा चौराहे पर दो शराब ठेकेदारों के बीच इसी बात काे लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बावजूद आबकारी विभाग की ओर से बड़ी कार्रवाई के मामले बेहद कम देखने को मिलते हैं। पिछले सात दिन में पुलिस की ओर से बड़ी मात्रा में जब्त की गई शराब की बरामदगी यह बताती है कि जिले में अवैध शराब का नेटवर्क कई क्षेत्रों में सक्रिय है। सवाल यह उठता है कि जब पुलिस सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार कार्रवाई कर रही है तो फिर इस काम के लिए जिम्मेदार आबकारी विभाग की टीमें क्या कर रही हैं?

Published on:
11 Jun 2026 09:58 pm