नागौर

नागौर स्टेशन की पुरानी तस्वीर बदल रही, आधुनिक सुविधाओं से संवर रहा पूरा परिसर

नागौर. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास तेजी से चल रहा है। 17.32 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन भवन के आधुनिकीकरण से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया के विकास तक काम हो रहा है। प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, रिटायरिंग रूम, आरक्षण कार्यालय और पोर्च का कार्य पूरा हो चुका है। अब बाहरी हिस्से, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्रियों की आवाजाही से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। प्रवेश-निकास के लिए अलग द्वार, सौंदर्यीकरण और भू-दृश्य विकास के साथ आकर्षक फसाड भी तैयार किया जा रहा है।
2 min read
Aug 11, 2026
Main gate of Nagaur railway station
The main gate of Nagaur railway station looks transformed even from the outside.

17.32 करोड़ की अमृत भारत योजना में कायाकल्प तेज, कई बड़े काम पूरे; सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का काम भी जारी
नागौर. शहर के रेलवे स्टेशन की पुरानी तस्वीर अब धीरे-धीरे बदल रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नागौर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। 17.32 करोड़ रुपए की लागत से हो रहे इस काम में स्टेशन भवन के आधुनिकीकरण से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया के विकास तक कई कार्य शामिल हैं। प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, रिटायरिंग रूम, आरक्षण कार्यालय और पोर्च का काम पूरा हो चुका है। अब स्टेशन के बाहरी हिस्से, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्रियों की आवाजाही से जुड़े कार्यों किया जा रहा है। रेलवे के अधिकारियों की माने तो पुनर्विकास के बाद स्टेशन परिसर पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा। स्टेशन के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार विकसित किए जा रहे हैं। स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ भू-दृश्य विकास का काम भी योजना में शामिल है। स्टेशन भवन के आंतरिक हिस्से का सुधार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है तथा आकर्षक फसाड तैयार किया जा रहा है।

सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों की आवाजाही होगी व्यवस्थित
स्टेशन के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया का विकास कार्य चल रहा है। यहां ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की सुविधा विकसित की जा रही है। इससे स्टेशन पर यात्रियों को छोडऩे और लेने आने वाले वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होगी। पोर्च की सुविधा भी विकसित की गई है, जिससे यात्रियों को स्टेशन भवन में प्रवेश और बाहर निकलने के दौरान सुविधा मिलेगी। यात्रियों की सुविधा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे हो चुके हैं। प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, रिटायरिंग रूम, आरक्षण कार्यालय और पोर्च का काम पूरा कर लिया गया है। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, नया विशिष्ट कक्ष तथा सर्कुलेटिंग एरिया में शुल्क आधारित शौचालय की सुविधा का भी प्रावधान किया गया है।

12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज नजर आएगा
स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए नए शेल्टर विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ आधुनिक संकेतक, यात्री सूचना व्यवस्था, सूचना एवं प्रचार के लिए होर्डिंग तथा आधुनिक फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए अनुकूल शौचालय और पेयजल बूथ भी विकसित किए जा रहे हैं। स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का प्रावधान किया गया है। फुट ओवरब्रिज तैयार होने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म के बीच आवाजाही में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट यात्री सूचना प्रणाली, पार्किंग, स्वच्छता और दिव्यांगजन के लिए सुगम सुविधाओं का भी निर्माण कराया जा रहा है। इसके पूरी तरह से बनने के बाद स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, पार्किंग, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल, यात्री सूचना प्रणाली और फुट ओवरब्रिज जैसे कार्य होने से स्टेशन की पूरी व्यवस्था में बदलाव आएगा।
क्या कहते हैं जिम्मेदार:
नागौर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य निर्धारित योजना के अनुरूप प्रगति पर है। यात्रियों की सुविधा और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर विभिन्न आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, रिटायरिंग रूम, आरक्षण कार्यालय और पोर्च का काम पूरा हो चुका है। सर्कुलेटिंग एरिया सहित अन्य कार्य प्रगति पर हैं। पुनर्विकास के बाद यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
उत्तर-पश्चिम रेलवे, मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी

Updated on:
11 Aug 2026 09:48 pm
Published on:
11 Aug 2026 09:47 pm