
नागौर। जिले के मेड़ता सिटी थाना क्षेत्र में शराब के नशे में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोररा गांव की सरहद पर डेरा डालकर रह रहे खानाबदोश बनबगारिया परिवार में दामाद ने अपने पिता के साथ मिलकर ससुर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार रात मोररा गांव के पास बने अस्थायी डेरे पर हुई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय छोटूराम बनबगारिया के रूप में हुई है। मामले में मृतक के पिता भीखाराम बनबगारिया ने मेड़ता सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि परिवार के सदस्य डेरे पर बैठे हुए थे, तभी छोटूराम का दामाद समुंदर शराब के नशे में वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि समुंदर ने अपने ससुर के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर वहां से चला गया।
कुछ देर बाद समुंदर अपने पिता पुरखाराम को साथ लेकर वापस लौटा। आरोप है कि दोनों ने मिलकर छोटूराम पर दोबारा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटूराम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक रामकरण सिंह मलिंडा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेड़ता के उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी भिजवाया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और एमओयू टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी समुंदर और उसके पिता पुरखाराम की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह आपसी कहासुनी बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।