नागौर

नागौर के नए एसपी रोशन मीना की सख्त चेतावनी, अपराधी सुधर जाएं या जिला छोड़ दें

नागौर जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अपराध करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या फिर जिला छोड़ दें, अन्यथा पुलिस उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी।

2 min read
Mar 17, 2026
नागौर पुलिस अधीक्षक रोशन मीना: फोटो पत्रिका

नागौर। जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने सोमवार को पदभार ग्रहण करते ही कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अपराध करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या फिर जिला छोड़ दें, अन्यथा पुलिस उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी।

एसपी रोशन मीना ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके लिए पुलिस तंत्र को और अधिक सक्रिय किया जाएगा तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। संगठित अपराध, साइबर अपराध और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जाएंगे, जिससे जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

अपराधियों पर कड़ी नजर रहेगी

उन्होंने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर आधुनिक तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा। अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ऑपरेशन त्रिनेत्र और नीलकंठ जारी रहेंगे

एसपी रोशन मीना ने कहा कि जिले में पहले से चल रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र और ऑपरेशन नीलकंठ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इन अभियानों के माध्यम से अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस की गश्त व्यवस्था को भी और मजबूत किया जाएगा।

संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत रिपोर्ट करें आमजन

आमजन से पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि समाज की सुरक्षा में जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। यदि किसी भी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या कोई असामान्य स्थिति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए। समय पर मिली सूचना से पुलिस को अपराध रोकने और अपराधियों तक जल्दी पहुंचने में मदद मिलती है। कई बार छोटी जानकारी भी बड़ी घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है।

इसलिए नागरिकों को सतर्क और जागरूक रहकर पुलिस का सहयोग करें। पुलिस प्रशासन हर सूचना को गंभीरता से लेकर उस पर त्वरित कार्रवाई करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि आमजन सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे तो नागौर जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। इससे जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनेगा तथा लोगों में कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा भी और मजबूत होगा।

Published on:
17 Mar 2026 04:54 pm
Also Read
View All

अगली खबर