
नागौर. राजस्थानी लोक संस्कृति के इंद्रधनुषी रंगों की बारिश, नयन व कर्णप्रिय नृत्य प्रस्तुति और युवाओं को नेतृत्व की राह बताते रंग कलाकार एवं देश को नई दिशा की ओर ले जाने वाले विचारों की शब्दमाला।विचार, नृत्य, अभिनय, आत्म अभिव्यक्ति का प्रदर्शन, एक ही मंच पर नेहरू युवा केन्द्र की ओर से आयोजित आस-पड़ौस युवा संसद कार्यक्रम में देखने और सुनने को मिली। देशभर में संचालित इस नवाचारी कार्यक्रम में युवाओं को अपनी विभिन्न विधाएं दिखाने का अवसर मिल रहा है। ऐसा ही अवसर मिला नागौर के युवाओं की उनकी धरा पर और इसके साथ-साथ उन्हें आत्मसात करने को मिले विभिन्न क्षेत्रों से आए विषय विशेषज्ञों के प्रेरणादायी उद्बोधन।
डीडवाना रोड पर एक निजी शिक्षण संस्थान के प्रांगण में नेहरू युवा केन्द्र की ओर से आयोजित जिला स्तरीय आस-पड़ौस युवा संसद कार्यक्रम में सांस्कृतिक आयोजन भी हुए और वक्ताओं के विभिन्न विषयों पर विचार भी सुनने को मिले। इस दौरान युवाओं के एक समूह की ओर से संसद की कार्रवाई की प्रस्तुति ने सभी युवाओं में नई उर्जा का संचार कर दिया।
मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से शुरू हुए इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. हिम्मताराम भांभू ने कहा कि ज्ञान के बिना व्यक्ति का जीवन अधूरा है। शिक्षा के साथ-साथ युवा पीढ़ी में संस्कार भी अच्छे होने चाहिए और संस्कार मिलेंगे बुजुर्गों से। भांभू ने कहा कि जीवन में दृष्टि सही रखें, लक्ष्य रखें और मेहनत करें तो सफलता निश्चित है।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार डॉ. क्षिप्रा माथुर ने न्यू इंडिया, न्यू इनिशिएटिव विषय पर बोलते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल भारत में नहीं, पूरे विश्व में युवा वर्ग की पहचान हैं। उन्होंने एक सदी पूर्व शिकागों में भारत भूमि का नाम ऊंचा किया। डॉ. माथुर ने कहा कि हमें अपनी भाषा और अपनी संस्कृति पर गर्व करना होगा। किसी भी देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी भी पुरूषों के बराबर होना चाहिए और इसके लिए वर्तमान दौर में आधी दुनिया के सशक्तीकरण पर और अधिक काम करना होगा।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सीएमएचओ डॉ. महेश वर्मा ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति में महत्वपूर्ण है उसके हर नागरिक का स्वस्थ होना। डॉ. वर्मा ने कहा कि स्वस्थ समाज की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब वह नशा मुक्त हो। कृषि महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. विकास पावडिय़ा ने माय भारत पोर्टल और मिलेट विषय पर अपना व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि भारत में 65 प्रतिशत से अधिक आबादी युवा है और हमारे देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए फिजिकली और डिजिटली दोनों तरीके से युद्ध स्तर पर काम करना होगा।
युवा का अर्थ सोच और काम से है
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ईनाणा के प्रधानाचार्य भंवरलाल कासनिया ने कहा कि युवा शब्द का संबंध उम्र से नहीं है, बल्कि सोच और काम करने की प्रवृति से है। उन्होंने कहा कि युवा किस दिशा की ओर जा रहा है और आप रोल मॉडल किसको बना रहे हैं, यह उसको स्वयं तय करना होगा। संस्थान के निदेशक पुखराज सांखला की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मतदाता जागरुकता अभियान स्वीप के प्रभारी मनीष पारीक ने कहा कि सादगी, अहिंसा और नशा मुक्त जीवन युवाओं के जीवन की मिशाल है। समाजसेवी मनीष शर्मा ने कहा कि विश्व का कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां भारत की प्रतिभाओं ने अपना लौहा नहीं मनवाया हो। युवा अपनी प्रतिभा का योगदान देश की प्रगति में दें। कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सेवाराम कुमावत ने कृषि क्षेत्र में युवाओं का भविष्य और श्रीअन्न की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संस्था के प्रबंध निदेशक धर्मेन्द्र सांखला ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत नेहरू युवा केन्द्र की जिला युवा अधिकारी सुरमयी शर्मा ने किया। कार्यक्रम संचालक कवि प्रहलाद सिंह झोरड़ा ने सभी संभागियों को मतदाता जागरुकता की शपथ दिलाई। इस मौके पर भारत स्काउट एवं गाइड की सचिव इन्द्रा बिश्नोई, एएनएम टीसी के प्राचार्य भंवरलाल डांगा, समाज सेविका इंदू चौधरी, नेहरू युवा केन्द्र की प्रियंका कच्छवाह व हर्षुल पटेल, अरशद खान, विनोद, निवेदिता, ओम प्रकाश व प्रियंका सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य जन उपस्थित रहे।