
Nagaur. Following a six-day break, auctions resumed at the Nagaur Agricultural Produce Market on beginning with the ritual worship of account books. Traders stood near the piles of commodities.
इसबगोल के मध्यम भाव में 2 हजार का उछाल, तिल और कपास में भी मजबूती, बहीखातों के पूजन के साथ शुभ मुहूर्त में शुरू हुई नीलामी
नागौर. छह दिन के दीपावली अवकाश के बाद बुधवार को कृषि उपज मंडी में बहीखातों के पूजन के साथ शुभ मुहूर्त में जिंसों की नीलामी शुरू हुई। अवकाश के बाद मंडी खुलने पर किसानों और व्यापारियों में उत्साह रहा। पिछले तीन कारोबारी दिनों के भावों के व्यापार में जीरा सबसे ज्यादा चमका। इसके अधिकतम भाव में 3 नवंबर के मुकाबले 2 हजार 300 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई। इसी तरह इसबगोल के मध्यम भाव में भी 2 हजार रुपए का उछाल आया। काला-सफेद तिल में 500-500 रुपए की तेजी रही। हालांकि सभी जिंसों में एक जैसा रुझान नहीं रहा, लेकिन कई जिंसों के भाव स्थिर रहे तो कुछ में मामूली नरमी भी दर्ज हुई।
जीरे ने दिखाई सबसे ज्यादा मजबूती
जीरे के न्यूनतम भाव में 2 हजार, मध्यम में 1 हजार 500 और अधिकतम में 2 हजार 300 रुपए की बढ़ोतरी हुई। 3 नवंबर को इसका अधिकतम भाव 25 हजार 500 रुपए था, जो 4 नवंबर को 26 हजार 700 और 11 नवंबर को 27 हजार 800 रुपए पहुंच गया। इसबगोल के न्यूनतम भाव में बदलाव नहीं हुआ, लेकिन मध्यम भाव 14 हजार 500 से बढकऱ 16 हजार 500 और अधिकतम 17 हजार 500 से 18 हजार 500 रुपए हो गया। हालांकि 4 नवंबर को इसका अधिकतम भाव 19 हजार 500 रुपए तक पहुंचा था। काला और सफेद तिल के मध्यम व अधिकतम भाव में 500-500 रुपए की बढ़ोतरी हुई। कपास का अधिकतम भाव 200 रुपए चढ़ा। विराट चमकी मूंग में भी तीनों स्तर पर 100 से 136 रुपए तक की तेजी रही।
कई जिंसों में स्थिरता, कुछ में मामूली नरमी
मूंग, मोठ, ज्वार और सिंधी सुवा के न्यूनतम, मध्यम तथा अधिकतम भावों में तीनों तारीखों के बीच कोई बदलाव नहीं हुआ। ग्वार के न्यूनतम और मध्यम भाव स्थिर रहे, जबकि अधिकतम में 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई। असालिया और तारामीरा के अधिकतम भाव में क्रमश: 100 और 50 रुपए की तेजी आई। दाणा मेथी के मध्यम भाव में 50 रुपए की कमी दर्ज हुई। चने का अधिकतम भाव भी 6 हजार 800 से घटकर 6 हजार 750 रुपए रह गया। सौंफ में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इसका अधिकतम भाव 3 नवंबर के 15 हजार से 4 नवंबर को 16 हजार रुपए पहुंचा, लेकिन 11 नवंबर को फिर 15 हजार रुपए रह गया। सरसों (रायड़ा) के औसत 40 प्रतिशत फैट वाले भाव में 100 रुपए की बढ़ोतरी हुई।
कारोबार में उत्साह, आगे मांग पर रहेगी नजर
कृषि उपज मंडी व्यापार मंडल अध्यक्ष मूलचंद भाटी ने बताया कि दीपावली अवकाश के बाद मंडी में कारोबार की शुरुआत अच्छी रही। किसानों और व्यापारियों में उत्साह है। जीरे और इसबगोल जैसी प्रमुख जिंसों में मजबूती बाजार के लिए अच्छा संकेत है। आगामी दिनों में नियमित आवक शुरू होने से कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है। व्यापारी पवन भट्टड़ ने बताया कि जिंसों की गुणवत्ता के अनुसार खरीदारी हो रही है। जीरे में आई तेजी उल्लेखनीय है, जबकि तिल और इसबगोल में भी अच्छे भाव मिले हैं। आगे बाजार की चाल मांग और आवक पर निर्भर करेगी। व्यापारिक दृष्टि से पहले दिन का कारोबार सकारात्मक रहा। जीरे और इसबगोल की मजबूती ने बाजार को सहारा दिया, जबकि अन्य जिंसों में सीमित बदलाव रहा। आने वाले दिनों में मंडी में आवक बढऩे और नियमित नीलामी होने के साथ कारोबार की वास्तविक गति सामने आएगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
12 Nov 2026, 9:32 PM IST
Published on:
12 Nov 2026, 9:31 PM IST
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़




