नागौर

Rajasthan: 48 लाख के राइस ऑयल चोरी मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, ड्राइवर ने ही टैंकर पलटाकर दोस्त के साथ चुराया था तेल

कुचामन में 48 लाख रुपए के राइस ऑयल गबन मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। टैंकर चालक ने अपने साथी के साथ मिलकर तेल चोरी कर वारदात को हादसे का रूप देने के लिए टैंकर को पलटा दिया।
2 min read
May 28, 2026
Rajasthan Crime
गिरफ्तार आरोपियों की फोटो: पत्रिका

Rice Oil Stolen From Tanker: कुचामन थाना पुलिस ने खाद्य तेल गबन के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए टैंकर चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने करीब 48 लाख रुपए मूल्य के राइस ऑयल को खुर्द-बुर्द कर वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए तेल टैंकर को जानबूझकर पलटा। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, जीपीएस लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया।

पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द ने बताया कि थानाधिकारी सतपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई कर मुख्य आरोपी बालोतरा निवासी चालक रावताराम तथा उसके साथी बाड़मेर निवासी खेताराम को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

ऐसे रची लाखों के तेल गबन की साजिश

पुलिस के अनुसार ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर जैसलमेर निवासी महबूब खान ने कुचामन सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि उनकी कंपनी का तेल टैंकर नंबर पीबी 03 एपी 8237 पंजाब के धुरी से राइस ऑयल भरकर भीलवाड़ा जा रहा था। टैंकर को चालक रावताराम लेकर रवाना हुआ था।

रिपोर्ट के अनुसार 24 अप्रेल को टैंकर धुरी पंजाब से रवाना हुआ । वाहन में जीपीएस सिस्टम लगा था, लेकिन राजस्थान के फतेहपुर के पास पहुंचने के बाद जीपीएस सिग्नल बंद हो गया। शुरुआत में इसे तकनीकी खराबी माना गया, लेकिन बाद में 28 अप्रेल की रात पुलिस की सूचना मिली कि टैंकर कुचामन सिटी के राणासर क्षेत्र में पलटा पड़ा है।

कंपनी के प्रतिनिधि जब मौके पर पहुंचे तो टैंकर पलटा मिला, लेकिन घटनास्थल पर राइस ऑयल का कोई रिसाव नजर नहीं आया। संदेह होने पर टैंकर को क्रेन से सीधा करवाकर ढक्कन खोला गया तो उसमें बहुत कम मात्रा में तेल बचा था। जांच में सामने आया कि टैंकर में भरा करीब 48 लाख रुपए का राइस ऑयल पहले ही गायब किया जा चुका था।

जीपीएस और सीसीटीवी ने खोला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी विमल सिंह नेहरा तथा डीएसपी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, जीपीएस लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में सामने आया कि चालक रावताराम ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले टैंकर से तेल निकालकर खुर्द-बुर्द किया । बाद में पूरे मामले को दुर्घटना दर्शाने के लिए टैंकर को पलटा दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने बाड़मेर और जैसलमेर सहित संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार तलाश और मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को बाड़मेर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस रिमांड में होंगे कई बड़े खुलासे


प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस चोरी का राइस ऑयल कहां और किसे बेचा गया यह पता लगाने में जुटी है। पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। चोरी हुए तेल की बरामदगी के प्रयास जारी है।

Updated on:
28 May 2026 12:22 pm
Published on:
28 May 2026 10:59 am