शादी की वर्षगांठ बाड़मेर शहर के एक दम्पती ने सोमवार को अनूठे ही अंदाज में मनाई। उन्होंने 12वीं सालगिरह पर देहदान का संकल्प पत्र भरा।
बाड़मेर। शादी की वर्षगांठ बाड़मेर शहर के एक दम्पती ने सोमवार को अनूठे ही अंदाज में मनाई। उन्होंने 12वीं सालगिरह पर देहदान का संकल्प पत्र भरा। जानकारी के अनुसार शहर के रेलवे कुआं नंबर तीन निवासी 36 साल के महेंद्र कुमार ने पत्नी आरती के साथ देहदान का संकल्प पत्र भरकर राजकीय जिला अस्पताल कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. हनुमानराम चौधरी को सौंपा।
इस मौके पर देहदान के उनके संकल्प को मजबूती देने के लिए पुत्रियां माधवी एवं विधि व प्रेरणास्रोत पीएमओ कार्यालय में कार्यरत मानसी सोलंकी मौजूद रही। इस अवसर पर डॉ. गोपाल चौधरी, डॉ. सुरेंद्र चौधरी, डाटा मैनेजर अबरार मोहमद, पीआरओ जोगेन्द्र कुमार माली, नर्सिंग अधिकारी जोगेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।
इस अवसर पर देहदान की घोषणा करने वाले महेंद्र ने कहा है कि शिक्षा व जागरूकता के अभाव में लोग देहदान करने से घबराते है। ऐसे में बाड़मेर मेडिकल में भावी चिकित्सकों के प्रैक्टिस में बाधाएं आती है।
चिकित्सकों को बेहतर ज्ञान और अवसर मिले, इसके लिए उन्होंने मानसी ने काफी प्रेरित किया। आरती ने बताया कि आज हमें गर्व महसूस हो रहा है कि हम पति-पत्नी को इस पुण्य कार्य करने का अवसर मिला।