
नागौर जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए नागौर पुलिस की ओर से चलाए गए अभियान के तहत लगातार दूसरे दिन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक महिला सहित दो जनों को गिरफ्तार किया है। डीएसटी एवं रोल थाना पुलिस ने जायल क्षेत्र के छावटा खुर्द गांव की सरहद में कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपए की कीमत के अवैध मादक प्रदार्थ, जिसमें 260 ग्राम स्मैक (हेरोइन), 1070 ग्राम अफीम दूध तथा 22.300 किलोग्राम डोडा पोस्त चूरा जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ बिक्री के एक लाख, 51,460 रुपए भी बरामद किए। पुलिस ने फरड़ौद निवासी राजेन्द्र उर्फ राजू जाट (32) व छावटा खुर्द निवासी रेखा जाट को गिरफ्तार कर परिवहन में उपयोग ली जा रही एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। इससे पहले पुलिस ने सोमवार को भी मूण्डवा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब 70 लाख से अधिक के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए थे।
टांके में गिरने से बालिका की मौत
नागौर. सदर थाना क्षेत्र के बाराणी गांव में मंगलवार को एक बालिका की टांके में गिरने से मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार बाराणी निवासी गोविन्दराम की 15 वर्षीय पुत्री प्रियंका मंगलवार सुबह ढाणी में बने टांके से पानी निकालकर जानवरों को पिला रही थी, इस दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह टांके में गिर गई। कुछ देर बाद परिजनों को पता लगने पर उन्होंने प्रियंका को बाहर निकाला तथा जेएलएन अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने शव का मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाया तथा परिजनों को सुपुर्द किया।