नागौर

राजस्थान सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में अब अधिकारी करेंगे कुछ ऐसा…

प्रदर्शनी में मिलगी राज्य सरकार के विकास की झलक,सरकार के चार वर्ष के उपलक्ष्य में होगा कार्यक्रम,पशु प्रदर्शनी स्थल से होगा कार्यक्रम का आगाज।
2 min read
• •
Updated: 4 Dec 2017, 8:49 PM IST
Nagaur news
review meeting in nagaur

नागौर. राज्य सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय पर 3 दिवसीय कार्यक्रम 9 से 11 दिसम्बर तक होगा। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन पशु प्रदर्शनी स्थल पर प्रारम्भ होगा। जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने कार्यक्रम तैयारी बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धियों सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को इस कार्यक्रम में उन्हें मिलने वाली सुविधा तथा आर्थिक विकास के स्वीकृति आदेश दिए जा सके।
युवाओं को मिलेेगा रोजगार
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी स्थल पर लगने वाली विभागों की प्रदर्शनी में अब तक हुए विकास कार्यों को दर्शाने के साथ रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें प्रदेश व देश की विभिन्न कंपनियों के माध्यम से बेरोजगार युवकों को मौके पर ही रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय आम लोगों को पशु प्रदर्शनी स्थल पर सडक़ सुरक्षा एवं यातायात नियम संबंधी जानकारी देगा। कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि गत 4 वर्षों में किए गए विकास कार्यों की फोटो प्रदर्शनी लगाएं व कार्यों का प्रदर्शन तथा भविष्य की योजनाओं को दर्शाएंं।
मिलेगी मुद्रा ऋण की स्वीकृति
उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह के दौरान 1500 व्यक्तियों को मुद्रा ऋण स्वीकृत करने के आदेश दिए जाएंगे। चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ स्वास्थ्य परीक्षण को टीकाकरण जैसे कार्य भी प्रदर्शनी स्थल पर किए जाएंगे। कलक्टर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि पशु प्रदर्शनी स्थल पर लगने वाली प्रदर्शनी सहित अन्य कार्यक्रमों में उच्चाधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर आमजन को उनके विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्यों के बारे में बताएंगे।
पात्र को दिलाएं योजनाओं का लाभ
कलक्टर ने कहा कि विभिन्न योजनाओं से जुड़े प्रचार साहित्य का वितरण भी करने के साथ-साथ अगर किसी योजना में आवेदन करवाया जा सकता हो तो पात्र व्यक्ति के आवेदन मौके पर ही भरवा कर उन्हें आवेदन की रसीद देंगे तथा उसका कार्य आगामी कार्य दिवस में कर सूचित करेंगे। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। इसके लिए सुरक्षा के सभी बंदोबस्त किए जाएंगे। साथ ही विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के लिए अधीक्षण अभियंता स्वयं विद्युत आपूर्ति की मॉनिटरिंग करते रहेंगे।

Updated on:
4 Dec 2017, 8:49 PM IST
Published on: